गाजीपुर ।
गंगा नदी के कटान से एशिया की सबसे बड़ी अफीम फैक्ट्री की सुरक्षा के लिए चल रही लगभग 9 करोड़ रुपये की ठोकर निर्माण परियोजना इन दिनों विवादों में घिर गई है। सदर विधायक जैकिशन साहू ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना में भारी अनियमितता और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए हैं।
यह निर्माण कार्य सिंचाई विभाग द्वारा कराया जा रहा है, जिसका उद्देश्य गंगा के तेज कटान से फैक्ट्री की दीवार को सुरक्षित रखना है। विधायक साहू का आरोप है कि विपक्ष का विधायक होने के कारण विभागीय अधिकारियों द्वारा मनमानी बरती जा रही है और निर्माण कार्य में गुणवत्ता से खुला समझौता किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि गंगा किनारे लगाए जा रहे ठोकर तथा बिछाए जा रहे पत्थर निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं हैं, जिससे भविष्य में बड़े खतरे की आशंका है। विधायक के अनुसार, निर्माण सामग्री और कार्यप्रणाली में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी की गई है।
विधायक साहू ने घोषणा की है कि वे एक सप्ताह के भीतर पूरे निर्माण कार्य की विस्तृत जांच कराएंगे और प्रमाणों के साथ सभी अनियमितताओं को सार्वजनिक करेंगे। उन्होंने बताया कि वे पहले भी स्थल का निरीक्षण कर चुके हैं और अब इंजीनियर डॉ. समीर सिंह सहित अन्य तकनीकी विशेषज्ञों के साथ पुनः दौरा करेंगे।
मीडिया से बातचीत में विधायक ने चार दिन का समय मांगते हुए कहा कि जल्द ही इस परियोजना की पूरी सच्चाई जनता के सामने लाई जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनहित और सार्वजनिक धन की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होने दिया जाएगा।
इस मामले को लेकर प्रशासनिक हलकों में भी हलचल तेज हो गई है, जबकि स्थानीय लोगों की निगाहें अब जांच रिपोर्ट और आगे की कार्रवाई पर टिकी हैं।










