गाजीपुर ।
नगर के रायगंज स्थित विद्या भारती विद्यालय सरस्वती विद्या मंदिर में रविवार को भव्य पुरातन छात्र सम्मान समारोह का आयोजन किया गया । इस अवसर पर विद्यालय के पूर्व छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनके योगदान और उपलब्धियों का अभिनंदन किया गया । कार्यक्रम में उत्साह, आत्मीयता और संस्कारों की झलक स्पष्ट रूप से देखने को मिली ।
इस समारोह का शुभारंभ माँ सरस्वती की वंदना एवं प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इसके पश्चात विद्यालय की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया ।
इस कार्यक्रम में विद्या भारती परिवार से जुड़े पूर्वांचल के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी, विद्यालय के वर्तमान व सेवानिवृत्त शिक्षक, अभिभावक तथा बड़ी संख्या में पुरातन छात्र उपस्थित रहे। विद्यालय परिवार की ओर से पूर्व छात्रों एवं छात्राओं को अंगवस्त्रम प्रदान कर सम्मानित किया गया।
वहीं सम्मानित होने वाले प्रमुख पुरातन छात्रों में निर्भय नारायण सिंह, मनीष राय, अजय गुप्ता, प्रदीप शर्मा, शोभित जायसवाल, दीप सिंह, कृपा कृष्ण सहित दो दर्जन से अधिक पूर्व छात्र शामिल रहे ।
इस अवसर पर पुरातन छात्र एवं कर्मचारी नेता निर्भय नारायण सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि सरस्वती विद्या मंदिर राष्ट्रवाद का अखाड़ा है, जहाँ अध्ययनरत विद्यार्थियों में अटूट देशप्रेम और अनुशासन की भावना विकसित होती है। उन्होंने अपने छात्र जीवन की स्मृतियों को साझा करते हुए विद्यालय के संस्कारों को जीवन पथ पर मार्गदर्शक बताया।
वहीं वरिष्ठ पत्रकार एवं पुरातन छात्र कृपा कृष्ण ‘केके’ ने सरस्वती शिशु मंदिर को ‘पारस’ की संज्ञा देते हुए कहा कि यह विद्यालय सामान्य बालक को भी संस्कार, शिक्षा और राष्ट्रभक्ति के स्पर्श से विशिष्ट व्यक्तित्व में परिवर्तित कर देता है। अन्य पुरातन छात्रों ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि शिशु मंदिर शिक्षा के साथ-साथ संस्कार और राष्ट्रप्रेम का अद्भुत संगम है ।
इस कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के सेवानिवृत्त शिक्षकों को भी अंगवस्त्रम देकर सम्मानित किया गया। विद्यालय के प्रबंधक विजय कुमार राय, प्रधानाचार्य दाऊजी उपाध्याय एवं अध्यक्ष राम बहादुर सिंह ने आगंतुकों का स्वागत एवं सम्मान किया ।
वक्ताओं ने सरस्वती शिशु मंदिर की शिक्षण पद्धति , पाठ्यक्रम और विद्यार्थियों में राष्ट्रवादी चेतना के विकास पर भी विस्तार से प्रकाश डाला ।
इस समारोह में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत प्रचारक रमेश जी, सह विभाग प्रचारक प्रेम प्रकाश जी, जिला प्रचारक प्रभात जी, नगर प्रचारक विक्रम जी, पूर्व प्रबंधक रमाशंकर राय सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे ।
इस कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ, जिसने पूरे वातावरण को देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत कर दिया ।










