गाजीपुर ।
लोकतांत्रिक व्यवस्था को सशक्त बनाने एवं अधिकाधिक नागरिकों को मतदान के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से समर्पण संस्था, शास्त्री नगर गाजीपुर के तत्वावधान में एक भव्य मतदाता जागरूकता रैली का आयोजन किया गया ।
रैली का शुभारंभ जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी एवं जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी, गाजीपुर द्वारा संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर किया गया ।
इस रैली का नेतृत्व संस्था की संरक्षिका सुश्री सविता सिंह ने किया। बैनर, पोस्टर एवं जागरूकता स्लोगनों से सजी इस रैली में प्रतिभागियों ने “मेरा भारत, मेरा वोट”, “सुबह-सबेरे पहला काम, वोट के बाद सारे काम” जैसे गगनभेदी नारों के माध्यम से आमजन को मतदान के महत्व का संदेश दिया।
रैली कचहरी परिसर से प्रारंभ होकर सिंचाई विभाग, वी-मार्ट मार्ग होते हुए विकास भवन ऑडिटोरियम हाल में पहुंचकर सम्पन्न हुई, जहाँ उप जिलाधिकारी द्वारा रैली का औपचारिक समापन किया गया ।
इस रैली की विशेष बात यह रही कि दिव्यांगजन त्रिचक्र वाहन, व्हीलचेयर, बैसाखी एवं अन्य सहायक उपकरणों के साथ उत्साहपूर्वक शामिल हुए, जिससे यह संदेश स्पष्ट हुआ कि लोकतंत्र में हर मत की बराबर अहमियत है।
इसके अतिरिक्त राजेश्वरी विकलांग विद्यालय एवं व्यवसायिक प्रशिक्षण केंद्र, शास्त्री नगर गाजीपुर के दिव्यांग बच्चों ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई ।
इस कार्यक्रम में श्री अमरनाथ गुप्ता, श्री अजीत कुमार गुप्ता, श्री अशोक कुमार यादव, श्रीमती सुमित्रा सिंह, श्रीमती रागिनी सिंह, श्रीमती लक्ष्मी वर्मा, श्रीमती नाजिया बेगम, श्रीमती अरुंधती, श्री अभिषेक सिंह, श्री जालंधर, श्री राजेश कुमार, श्री प्रभु नाथ, श्री अफजाल खान, श्री चंदन कुमार, श्री घुरहू सहित जिले के बड़ी संख्या में दिव्यांगजन एवं समाजसेवी उपस्थित रहे ।
इस रैली ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए हर नागरिक का मतदान अनिवार्य है, और दिव्यांगजन इस जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा से निभाने के लिए सदैव तत्पर हैं।










