प्रयागराज / लखनऊ ।
यूरोप में 5 दिसंबर 2025 को आयोजित प्रतिष्ठित अंतर्राष्ट्रीय रोबोटिक चैंपियनशिप में उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जनपद स्थित फूलपुर क्षेत्र के बौड़ई गांव की प्रिया बिंद ने स्वर्ण पदक जीतकर न केवल जिले बल्कि पूरे देश का नाम रोशन किया है। सीमित संसाधनों के बीच पली-बढ़ी इस ग्रामीण बेटी की उपलब्धि ने यह सिद्ध कर दिया है कि प्रतिभा किसी सुविधा की मोहताज नहीं होती—जरूरत होती है तो बस संकल्प, मेहनत और लगन की ।
प्रतियोगिता में ऐतिहासिक जीत दर्ज कर स्वदेश लौटने पर राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत ने प्रिया के प्रयागराज स्थित आवास पर पहुंचकर उनका भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर डॉ. बलवंत ने कहा कि प्रिया की सफलता केवल उनके परिवार की नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र और राष्ट्र के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि प्रिया ने यह साबित किया है कि कठिन परिश्रम और निरंतर प्रयास से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है ।
स्वागत कार्यक्रम के दौरान प्रिया बिंद ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भेंट करने की इच्छा जताई। इसके पश्चात डॉ. संगीता बलवंत के साथ प्रिया ने लखनऊ में माननीय मुख्यमंत्री से मुलाकात की ।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रिया को आत्मनिर्भरता और सफलता का मंत्र देते हुए कहा कि आज की प्रतियोगिताएं केवल शौक नहीं रहीं, बल्कि वे जीवन को बेहतर बनाने और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं ।
उन्होंने रोबोटिक चैंपियनशिप में प्रिया की जीत की पूरी कहानी स्वयं उनके मुख से सुनी और उसकी खुले मन से सराहना की । मुख्यमंत्री ने प्रिया के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि ऐसी प्रतिभाएं “नए भारत” की मजबूत नींव हैं।
इस अवसर पर डॉ. अवधेश बिंद, प्रिया बिंद, उनके पिता श्री लाल बहादुर बिंद, ग्राम प्रधान देवराज बिंद तथा पूर्व प्रधान जीतलाल बिंद सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
प्रिया बिंद की यह ऐतिहासिक सफलता देश की ग्रामीण प्रतिभाओं के लिए प्रेरणास्रोत है और यह संदेश देती है कि अवसर और मार्गदर्शन मिले तो गांवों से भी विश्वविजेता निकलते हैं ।










