मुहम्मदाबाद तहसील में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में हुआ आयोजन…………
गाजीपुर ।
जनसमस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के उद्देश्य से तृतीय शनिवार को सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन तहसील मुहम्मदाबाद में किया गया ।
इस कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने की , जबकि पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा विशेष रूप से उपस्थित रहे। तहसील सभागार में आयोजित इस समाधान दिवस में फरियादियों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना गया ।
तहसील मुहम्मदाबाद में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान कुल 126 शिकायत/प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 18 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया ।
वहीं जनपद की सातों तहसीलों से प्राप्त सूचना के अनुसार सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 342 शिकायत/प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 32 शिकायतों का तत्काल निस्तारण किया गया ।
अन्य तहसीलों में प्राप्त शिकायतों का विवरण कुछ इस प्रकार रहा —
तहसील सदर में 46 शिकायतें प्राप्त हुईं , जिनमें से 07 का मौके पर निस्तारण किया गया ।
तहसील कासिमाबाद में उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में 23 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 04 का निस्तारण हुआ।
जमानियां तहसील में 28 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें 03 का मौके पर निस्तारण किया गया।
तहसील जखनियां में 49 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें 03 का निस्तारण किया गया।
तहसील सैदपुर में 21 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 02 का मौके पर निस्तारण किया गया।
तहसील सेवराई में तहसीलदार की अध्यक्षता में 49 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें 05 शिकायतों का निस्तारण मौके पर किया गया।
इस सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने आम जनमानस की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए कई समस्याओं का तत्काल समाधान कराया। शेष प्रकरणों को संबंधित अधिकारियों को अग्रसारित करते हुए समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए ।
जिलाधिकारी ने पुलिस एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि भूमि विवाद एवं आपसी विवाद प्रायः एक-दूसरे से जुड़े होते हैं, इसलिए दोनों विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करें। साथ ही तहसील के समस्त लेखपालों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि शिकायतकर्ताओं की छोटी-छोटी समस्याओं का तत्काल निस्तारण किया जाए और इसके लिए किसी भी व्यक्ति को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी मुहम्मदाबाद, तहसीलदार मुहम्मदाबाद, क्षेत्राधिकारी मुहम्मदाबाद सहित समस्त जनपद स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे ।










