गाजीपुर ।
सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, रायगंज में शुक्रवार को सरस्वती पूजन एवं विद्यारंभ संस्कार का भव्य आयोजन श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में विद्यालय परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर नजर आया ।
इस कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर पुष्पार्चन एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के अध्यक्ष राम बहादुर सिंह, प्रबंधक विजय कुमार राय, कोषाध्यक्ष अंजनी कुमार श्रीवास्तव, प्रधानाचार्य दाऊजी उपाध्याय सहित प्रबंध समिति के सभी गणमान्य पदाधिकारी उपस्थित रहे ।
सरस्वती पूजन के उपरांत विद्यालय में नवप्रवेशित विद्यार्थियों का विद्यारंभ संस्कार विधिवत संपन्न कराया गया ।

परंपरानुसार सभी नवीन छात्रों की जिह्वा पर शहद से ‘ॐ’ अंकित कर उनके शैक्षिक जीवन की मंगल शुरुआत कराई गई। इस संस्कार के माध्यम से विद्यार्थियों को विद्या, संस्कार और अनुशासन के मार्ग पर अग्रसर होने का संदेश दिया गया।
इसके पश्चात हवन, पूजन एवं आरती के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। अंत में सभी छात्र-छात्राओं को प्रसाद वितरण किया गया ।
इस अवसर पर विद्यालय के समस्त अभिभावक, छात्र-छात्राएं, आचार्य बंधु, आचार्या बहनें एवं कर्मचारीगण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने न केवल सांस्कृतिक मूल्यों को सुदृढ़ किया, बल्कि विद्यार्थियों में शिक्षा के प्रति श्रद्धा और उत्साह का संचार भी किया ।










