गाजीपुर ।
श्री चित्रगुप्त वंशीय सभा ददरी घाट, गाजीपुर की कार्यकारिणी एवं आम सदस्यों की एक महत्वपूर्ण बैठक आज श्री चित्रगुप्त मंदिर, ददरी घाट के परिसर में सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता संस्था के अध्यक्ष आनंद शंकर श्रीवास्तव ने की, जिसमें समाज के अनेक गणमान्य एवं सक्रिय सदस्य उपस्थित रहे।
इस बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी माह में आयोजित होने वाले होली मिलन समारोह की तैयारियों पर विचार-विमर्श करना रहा। विस्तृत चर्चा के उपरांत सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि होली पर्व के पश्चात आने वाले शनिवार, 7 मार्च को होली मिलन समारोह का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम की रूपरेखा तय करने एवं समस्त व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने हेतु संस्था के मंत्री अजय कुमार श्रीवास्तव को अधिकृत किया गया।
बैठक के दौरान समाज के गौरव नितिन नवीन के भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने पर पार्टी के संगठन एवं कार्यकर्ताओं को हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित की गईं। उपस्थित सदस्यों ने आशा व्यक्त की कि उनके नेतृत्व में पार्टी के कार्यकर्ता निष्ठा, समर्पण एवं अनुशासन के साथ कार्य करेंगे तथा उन्हें बिना किसी दबाव के कार्य करने का अवसर मिलेगा, जिससे उनकी योग्यता एवं क्षमता का लाभ देश को प्राप्त हो सके।
होली मिलन समारोह को और अधिक भव्य, सांस्कृतिक एवं स्मरणीय बनाने के उद्देश्य से कवि सम्मेलन आयोजित करने पर भी सर्वसम्मति बनी। समारोह में मुख्य अतिथियों के आमंत्रण, कार्यक्रम संचालन तथा अन्य सभी औपचारिक व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी भी संस्था के मंत्री अजय कुमार श्रीवास्तव को सौंपी गई।
बैठक का समापन समाज की एकता, समरसता एवं विकास के लिए मिल-जुलकर कार्य करने के संकल्प के साथ किया गया।
इज़ बैठक में प्रमुख रूप से नीरज श्रीवास्तव, अजय श्रीवास्तव, शिवशंकर सिन्हा, विभोर ‘टिल्लू’, प्रमोद सिन्हा, ओमप्रकाश श्रीवास्तव, सुशील वर्मा, रवि श्रीवास्तव, संजीव श्रीवास्तव, अरविंद श्रीवास्तव, मुनीद्र श्रीवास्तव, भूपेंद्र भोला, अभिषेक श्रीवास्तव, क्षितिज श्रीवास्तव, रितु श्रीवास्तव, सुनील दत्त श्रीवास्तव, अम्बरीष श्रीवास्तव, राकेश श्रीवास्तव सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे ।










