गाजीपुर ।
समाजवादी पार्टी (सपा) के एक प्रतिनिधिमंडल को सोमवार को वाराणसी जाते समय गाजीपुर जनपद के बिरनो टोल प्लाजा के पास रोक लिया गया। यह प्रतिनिधिमंडल वाराणसी के मणिकर्णिका घाट एवं अहिल्याबाई घाट पर कथित रूप से मंदिरों को तोड़े जाने के विरोध में वाराणसी जा रहा था ।
प्रतिनिधिमंडल में बलिया से सांसद सनातन पांडे सहित सपा के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता शामिल थे। रोके जाने से आक्रोशित सांसद एवं कार्यकर्ताओं ने नेशनल हाईवे पर बैठकर शांतिपूर्ण धरना शुरू कर दिया, जिससे कुछ समय के लिए आवागमन भी प्रभावित हुआ ।
इस धरने के दौरान सांसद सनातन पांडे ने कहा कि वे लोग शांतिपूर्ण ढंग से वाराणसी जा रहे थे और न तो गाजीपुर प्रशासन और न ही बलिया प्रशासन से किसी प्रकार का विवाद था, इसके बावजूद उन्हें रोका गया ।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के निर्देश पर प्रतिनिधिमंडल को रोका गया, ताकि समाजवादी पार्टी मणिकर्णिका और अहिल्याबाई घाट की वास्तविक स्थिति को जनता के सामने न ला सके ।
सांसद पांडे ने कहा कि समाजवादी पार्टी कानून और संविधान में पूर्ण आस्था रखती है, इसलिए वे लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज करा रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पुलिस या तो उन्हें वाराणसी जाने की अनुमति दे या फिर जेल भेजे, लेकिन वे अपने विरोध से पीछे नहीं हटेंगे ।
इस मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा और अधिकारियों द्वारा स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया जाता रहा । समाचार लिखे जाने तक धरना जारी था ।










