गाजीपुर ।
कलेक्ट्रेट परिसर में 77वां गणतंत्र दिवस पूरे हर्षोल्लास, गरिमा और राष्ट्रभक्ति के वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने ध्वजारोहण किया और उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों को देश की एकता, अखंडता और संविधान के प्रति निष्ठा की शपथ दिलाई ।
ध्वजारोहण के उपरांत स्कूली बच्चों को मिष्ठान वितरित किया गया तथा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रितों को अंगवस्त्र एवं मिष्ठान भेंट कर सम्मानित किया गया ।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों एवं आगंतुकों को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए बधाई दी। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं उनके आश्रितों को माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया ।
अपने संबोधन में जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने देश की महान विभूतियों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के जीवन चरित्र पर प्रकाश डालते हुए संविधान के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि हम सभी को संविधान के प्रति सच्ची श्रद्धा और निष्ठा रखनी चाहिए, क्योंकि हमारी प्रशासनिक व्यवस्था और पद की शुरुआत वहीं से होती है। उन्होंने कहा कि आजादी के समय पूरी दुनिया को आशंका थी कि भारत विभिन्न राज्यों में बिखर सकता है, लेकिन सरदार वल्लभभाई पटेल ने राजनीतिक, कूटनीतिक और सैन्य प्रयासों से देश को एक सूत्र में पिरोकर अखंड भारत का निर्माण किया ।
जिलाधिकारी ने बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने विश्व के अनेक देशों के संविधान का अध्ययन कर भारत की विविधताओं को ध्यान में रखते हुए ऐसा संविधान दिया, जो समानता, अधिकार और कर्तव्य का संतुलन स्थापित करता है। इसी मंथन का परिणाम है कि 26 जनवरी 1950 को भारत का संविधान लागू हुआ। उन्होंने कहा कि समानता का अधिकार संविधान से प्राप्त है और जहां समानता है, वहीं शांति है ।
उन्होंने संविधान के अनुच्छेद 32 का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके माध्यम से नागरिकों को अपने अधिकारों की रक्षा के लिए न्यायालय जाने का अधिकार प्राप्त है। साथ ही संविधान में नागरिकों के कर्तव्यों का भी स्पष्ट उल्लेख है। जिलाधिकारी ने अधिकारियों और कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे संविधान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता बनाए रखें और अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ करें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिकायतकर्ता और फरियादी की समस्या को अपनी समस्या समझकर उसका समयबद्ध निस्तारण किया जाए, क्योंकि सिस्टम की जिम्मेदारी आप सभी पर है ।
इस कार्यक्रम के पश्चात जिलाधिकारी ने शास्त्री नगर चौराहा स्थित पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए ।
गणतंत्र दिवस समारोह में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) दिनेश कुमार, मुख्य राजस्व अधिकारी आयुष चौधरी, डिप्टी कलेक्टर मनोज कुमार पाठक, चंद्रशेखर यादव, पुष्पेंद्र पटेल, सुश्री निधि सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी, कलेक्ट्रेट कर्मचारी, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रित, स्कूली छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे ।










