गाजीपुर ।
अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना मुहम्मदाबाद पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनामिया और वारण्टी अभियुक्त को गिरफ्तार किया है, जो बीते दो वर्षों से फरार चल रहा था। गिरफ्तार अभियुक्त मुख्तार अंसारी गैंग का शार्प शूटर बताया जा रहा है और वह एक हत्याकांड में वांछित था ।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान गौस मुइनुद्दीन उर्फ गौस मोहिउद्दीन उर्फ तन्नू, पुत्र खलील अंसारी उर्फ खालिद, उम्र लगभग 55 वर्ष के रूप में हुई है। अभियुक्त मरहूम माफिया मुख्तार अंसारी का साढ़ू (सगा रिश्तेदार) भी है और उसके विरुद्ध पूर्व से कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह थाना मुहम्मदाबाद में पंजीकृत मु0अ0सं0-23/2023, धारा 147/148/149/302/34 भादवि के तहत दर्ज हत्याकांड में वांछित चल रहा था ।
बताया गया कि अभियुक्त पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था और वह लगातार पुलिस की गिरफ्त से बचता आ रहा था। प्रभारी निरीक्षक थाना मुहम्मदाबाद के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने सतर्कता और सटीक सूचना के आधार पर उसे गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की। अभियुक्त का वर्तमान पता 207, ग्रैंडर अपार्टमेंट, 6 डॉली बाग, लखनऊ बताया गया है, जबकि उसका स्थायी निवास युसुफपुर, थाना मुहम्मदाबाद, जनपद गाजीपुर है ।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने अभियुक्त को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस द्वारा उसके विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।










