गाजीपुर ।
अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना मुहम्मदाबाद पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। दिनांक 10 फरवरी 2026 को प्रभारी निरीक्षक मुहम्मदाबाद ने पुलिस टीम के साथ तिवारीपुर मोड़ पर संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए ग्राम तिवारीपुर में हुई चोरी की घटना के वांछित दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया ।
में गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान जितेश चौहान (19 वर्ष) पुत्र जितन चौहान एवं संदीप खरवार (21 वर्ष) पुत्र गजाधर खरवार, दोनों निवासी ग्राम तिवारीपुर थाना मुहम्मदाबाद जनपद गाजीपुर के रूप में हुई है ।
पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से चोरी का माल बरामद किया है। बरामदगी में एक टूटा हुआ पीली धातु का मंगलसूत्र लाकेट, चार पीली धातु के लाकेट (जिसमें एक पर ‘ॐ’ अंकित एवं एक पर बजरंगबली की प्रतिमा बनी हुई), एक नथ, पांच बिछिया (सफेद धातु), एक जोड़ी पुरानी पायल शामिल हैं ।
इसके अतिरिक्त अभियुक्त जितेश चौहान के कब्जे से एक अवैध तमंचा .315 बोर एवं एक जिंदा कारतूस .315 बोर भी बरामद किया गया। इस संबंध में आवश्यक धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
जितेश चौहान के विरुद्ध पूर्व में भी कई मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें मु0अ0स0-40/26 धारा 305(a)/317(2) बीएनएस, मु0अ0स0-42/26 धारा 3/25 आर्म्स एक्ट तथा मु0अ0स0-142/25 धारा 60 आबकारी अधिनियम थाना मुहम्मदाबाद में पंजीकृत हैं।
वहीं संदीप खरवार के विरुद्ध मु0अ0स0-40/26 धारा 305(a)/317(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज है।
गिरफ्तारी की कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक थाना मुहम्मदाबाद मय पुलिस टीम द्वारा की गई। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अपराध पर अंकुश लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।












