Life Style

अष्ट शहीदों की शहादत से प्रेरणा लेकर तानाशाही और भ्रष्टाचार के खिलाफ संघर्ष जरूरी : अजय राय

सड़क निर्माण में भ्रष्टाचार को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष का सरकार पर हमला, बोले—जनता के पैसे की बंदरबांट बर्दाश्त नहीं

मोहम्मदाबाद (गाजीपुर) ।

अष्ट शहीद दिवस के अवसर पर मंगलवार को शेरपुर पहुंचे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री अजय राय ने अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि 18 अगस्त 1942 को तिरंगे और देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले शेरपुर के वीर सपूतों की शहादत देशवासियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगी। शहीदों ने जिस भारत का सपना देखा था, उसकी रक्षा करना आज हर नागरिक की जिम्मेदारी है।

अजय राय ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर विकास कार्यों में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि सड़क निर्माण के नाम पर करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं, लेकिन कई स्थानों पर निर्माण के कुछ ही समय बाद सड़कें टूटने लगती हैं। उन्होंने कहा कि जनता की गाढ़ी कमाई से प्राप्त धन की बंदरबांट किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जा सकती। घटिया निर्माण के लिए जिम्मेदार अधिकारियों और ठेकेदारों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि सरकार को विकास कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित करनी चाहिए और जनता के टैक्स के पैसे का सही इस्तेमाल करना चाहिए। अजय राय ने आरोप लगाया कि सड़क निर्माण में गुणवत्ता से समझौता कर सरकारी धन का दुरुपयोग किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनता के धन के एक-एक रुपये का हिसाब सरकार को देना होगा।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने उत्तर प्रदेश के फतेहपुर और लखनऊ में जेन-अल्फा से जुड़े बच्चों द्वारा अपनी समस्याओं एवं बुनियादी सुविधाओं को लेकर आवाज उठाए जाने का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी जागरूक है और अपने अधिकारों को लेकर सवाल पूछ रही है। सरकार को बच्चों और युवाओं की आवाज दबाने के बजाय उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनकर समाधान की दिशा में कदम उठाना चाहिए।

अजय राय ने कहा कि अष्ट शहीदों का बलिदान हमें अन्याय, तानाशाही और भ्रष्टाचार के खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष करने की प्रेरणा देता है। कांग्रेस जनता के अधिकारों, संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए लगातार आवाज उठाती रहेगी।

इस अवसर पर प्रदेश सचिव फशाहत हुसैन बाबू, ओम प्रकाश ओझा, मनीष मोरोलिया, जिलाध्यक्ष सुनील राम, शहर अध्यक्ष संदीप विश्वकर्मा, पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह, पूर्व विधायक अमिताभ अनिल दुबे, पूर्व विधायक पशुपतिनाथ राय, एआईसीसी सदस्य रविकांत राय, आनंद राय, चंडिका सिंह, कमलेश्वर प्रसाद शर्मा, ज्ञान प्रकाश सिंह, सतीश उपाध्याय, कुसुम तिवारी, निशा सुमन चौबे, हामिद अली सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button