Life Style

अष्ट शहीदों के बलिदान को नमन, शहीद दिवस पर पीयूष राय ने कहा—वीर सपूतों की शहादत हमेशा प्रेरणा देती रहेगी…।



मोहम्मदाबाद/गाजीपुर।

अगस्त क्रांति के अमर शहीदों की स्मृति में सोमवार को 18 अगस्त के शहीद दिवस पर मुहम्मदाबाद स्थित शहीद पार्क में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान अष्ट शहीदों के बलिदान को याद करते हुए उपस्थित लोगों ने उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए और देश की आजादी के लिए उनके अदम्य साहस को नमन किया।

अगस्त क्रांति 1942 के दौरान 18 अगस्त को ग्राम शेरपुर निवासी डॉ. शिवपूजन राय के नेतृत्व में ऋषेश्वर राय, बंसनारायण राय, रामबदन उपाध्याय, वशिष्ठ नारायण राय, वंशनारायण राय, नारायण राय और राजनारायण राय समेत वीर सपूतों ने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ संघर्ष करते हुए अपने प्राणों की आहुति दी थी।

बताया गया कि वीर सपूतों ने मुहम्मदाबाद तहसील से यूनियन जैक उतारकर तिरंगा फहराया और तहसील को आजाद घोषित किया था। उनके इस अदम्य साहस और बलिदान ने स्वतंत्रता आंदोलन में मुहम्मदाबाद की धरती को गौरवपूर्ण स्थान दिलाया।

इस कार्यक्रम में शामिल भाजपा नेता पीयूष राय ने झंडारोहण कर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि मुहम्मदाबाद की धरती के वीर सपूतों का बलिदान देश के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज है। अगस्त क्रांति के दौरान अष्ट शहीदों ने जिस साहस, त्याग और राष्ट्रभक्ति का परिचय देते हुए अंग्रेजी हुकूमत को चुनौती दी, वह आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा ।

पीयूष राय ने कहा कि शहीद दिवस केवल श्रद्धांजलि अर्पित करने का अवसर नहीं, बल्कि देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीरों के आदर्शों को आत्मसात करने और राष्ट्रहित में कार्य करने का संकल्प लेने का दिन है। उन्होंने कहा कि अष्ट शहीदों की शहादत हमें देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रप्रेम के प्रति सदैव प्रेरित करती रहेगी।

इस कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने अष्ट शहीदों सहित स्वतंत्रता संग्राम के सभी ज्ञात-अज्ञात बलिदानियों को नमन करते हुए उनके त्याग, साहस और देशभक्ति को याद किया। शहीद पार्क में वीर सपूतों की स्मृति में श्रद्धा और राष्ट्रभक्ति का माहौल बना रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button