राज्यसभा सांसद डॉक्टर संगीता बलवंत ने बढ़ाया पीआरडी जवानों का उत्साह , पीआरडी जवानों के भत्ते में बढ़ोतरी की घोषणा….।

गाजीपुर ।
कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के वर्चुअल सान्निध्य में पीआरडी जवानों का सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह एवं नगर पालिका परिषद अध्यक्ष सरिता अग्रवाल विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहीं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वर्चुअल माध्यम से प्रदेशभर के पीआरडी जवानों को संबोधित करते हुए उनके हित में कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री ने पीआरडी जवानों के ड्यूटी भत्ते को 500 रुपये से बढ़ाकर 600 रुपये प्रतिदिन करने की घोषणा की। इसके साथ ही जवानों को कैशलेस हेल्थ कार्ड सहित अन्य कल्याणकारी सुविधाएं उपलब्ध कराने की भी बात कही गई।
ड्यूटी भत्ते में बढ़ोतरी की घोषणा होते ही कार्यक्रम में मौजूद पीआरडी जवानों में खुशी और उत्साह का माहौल दिखाई दिया। जवानों ने मुख्यमंत्री की घोषणा को अपने हित में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए प्रसन्नता जताई। उनका कहना था कि भत्ते में वृद्धि से उन्हें आर्थिक राहत मिलेगी और वे और अधिक उत्साह के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकेंगे।
इस कार्यक्रम के दौरान सांसद डॉ. संगीता बलवंत, जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह एवं नगर पालिका परिषद अध्यक्ष सरिता अग्रवाल ने पीआरडी जवानों का उत्साहवर्धन किया। अतिथियों ने जवानों से पूरी निष्ठा, अनुशासन और समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पीआरडी जवान सुरक्षा एवं व्यवस्था से जुड़े महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन करते हैं और उनकी सेवाएं समाज के लिए महत्वपूर्ण हैं।
इस अवसर पर जिला युवा कल्याण अधिकारी दिलीप कुमार, भाजपा कार्यालय प्रभारी राजन प्रजापति, समस्त क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी तथा बड़ी संख्या में पीआरडी जवान उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में जिला युवा कल्याण अधिकारी दिलीप कुमार ने सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।
