गंगा के जलस्तर में लगातार बढ़ाव, चेतावनी बिंदु से अभी नीचे…।

12 घंटे से चार सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ रहा जलस्तर…।

गाजीपुर, 19 अगस्त ।
गंगा नदी के जलस्तर में लगातार बढ़ाव जारी है। बुधवार शाम सात बजे गंगा का जलस्तर 60.870 मीटर दर्ज किया गया। पिछले करीब 12 घंटे से जलस्तर में लगातार चार सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ोतरी हो रही है। जलस्तर सामान्य सीमा से ऊपर पहुंच चुका है, हालांकि फिलहाल यह चेतावनी बिंदु 62.100 मीटर से नीचे है।
प्राप्त आंकड़ों के अनुसार गंगा का सामान्य जलस्तर 59.906 मीटर निर्धारित है, जबकि 62.100 मीटर चेतावनी बिंदु और 63.105 मीटर खतरा बिंदु है। उच्च बाढ़ स्तर 65.220 मीटर निर्धारित किया गया है। वर्तमान जलस्तर चेतावनी बिंदु से करीब 1.23 मीटर नीचे है।
गंगा के जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि को देखते हुए नदी किनारे के क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ा दी गई है। प्रशासन एवं संबंधित विभागों द्वारा जलस्तर की निगरानी की जा रही है। लगातार बढ़ाव जारी रहने से तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों की चिंता भी बढ़ने लगी है।
पिछले वर्षों में गंगा के उच्चतम जलस्तर पर नजर डालें तो वर्ष 2021 में 64.680 मीटर, वर्ष 2022 में 64.390 मीटर, वर्ष 2023 में 61.700 मीटर और वर्ष 2019 में 64.530 मीटर तक जलस्तर पहुंच चुका है।
फिलहाल गंगा का जलस्तर खतरे के निशान से नीचे है, लेकिन जिस गति से नदी का जलस्तर बढ़ रहा है, उसे देखते हुए तटवर्ती क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है। प्रशासन की ओर से जलस्तर में होने वाले बदलाव पर लगातार नजर रखी जा रही है।
