गैस कटर सिलेंडर से जोरदार धमाका , दो मजदूर की हालत गंभीर , वाराणसी रेफर , महिला का मेडिकल कॉलेज में इलाज जारी…।

गाजीपुर।
सदर कोतवाली क्षेत्र के महराजगंज इलाके में रेलवे के नीलाम स्क्रैप की गैस कटर से कटिंग के बाद सिलेंडर रखते समय अचानक जोरदार ब्लास्ट हो गया। हादसे में दो मजदूर और एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों मजदूरों की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें वाराणसी रेफर कर दिया, जबकि घायल महिला का इलाज गाजीपुर मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, रेलवे के नीलाम स्क्रैप की गैस कटर से कटिंग का काम पूरा होने के बाद सिलेंडर रखा जा रहा था। इसी दौरान अचानक जोरदार विस्फोट हो गया। धमाका इतना तेज था कि इसकी चपेट में आकर कासिमाबाद क्षेत्र के सुरवतपाली निवासी मजदूर विकास के दोनों पैर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। वहीं, साथी मजदूर अविनाश के दोनों पैर और एक हाथ झुलस गया।

हादसे के दौरान मौके के पास बर्तन धो रहीं बालमती देवी भी ब्लास्ट की चपेट में आ गईं। उनके चेहरे पर गंभीर चोट आई है। बताया जा रहा है कि उन्हें दिखाई देने में भी परेशानी हो रही है। घटना के बाद तीनों घायलों को तत्काल गाजीपुर मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल दोनों मजदूरों को वाराणसी रेफर कर दिया गया। महिला का उपचार मेडिकल कॉलेज में जारी है।
पुलिस कर रही घटना की जांच —
एएसपी राकेश कुमार मिश्रा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि रेलवे के नीलाम स्क्रैप की गैस कटर से कटिंग के बाद सिलेंडर रखा जा रहा था, तभी ब्लास्ट हुआ। मामले की जांच सदर कोतवाली पुलिस द्वारा की जा रही है। हादसे के बाद सिलेंडर ब्लास्ट की वजह और कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर सवाल उठ रहे हैं ।



