Blog

गाजीपुर ट्रॉमा सेंटर को लेवल-2 में अपग्रेड कराने की पहल…।

पूर्व मंत्री विजय मिश्र ने डिप्टी सीएम बृजेश पाठक से की मुलाकात, विशेषज्ञ डॉक्टरों व आधुनिक सुविधाओं की मांग

गाजीपुर, 9 सितंबर ।

गाजीपुर के ट्रॉमा सेंटर को वर्तमान लेवल-3 से लेवल-2 में उच्चीकृत कर पूर्ण क्षमता के साथ संचालित कराने की दिशा में पूर्व मंत्री विजय मिश्र ने पहल की है। उन्होंने बुधवार को उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री बृजेश पाठक से मुलाकात कर इस महत्वपूर्ण जनहित के मुद्दे पर विस्तार से चर्चा की तथा ट्रॉमा सेंटर के सुदृढ़ीकरण के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने संबंधी पत्र सौंपा।

पूर्व मंत्री ने कहा कि गाजीपुर पूर्वांचल का महत्वपूर्ण आवागमन केंद्र है। जनपद राष्ट्रीय राजमार्गों, फोरलेन मार्गों, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे एवं 0ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे से जुड़ा है। इसके अलावा सारनाथ, कुशीनगर और कपिलवस्तु जैसे प्रमुख बौद्ध तीर्थस्थलों की यात्रा करने वाले देश-विदेश के बड़ी संख्या में तीर्थयात्री भी गाजीपुर होकर गुजरते हैं। ऐसे में सड़क दुर्घटनाओं तथा अन्य गंभीर चिकित्सकीय आपात स्थितियों से निपटने के लिए अत्याधुनिक ट्रॉमा सेंटर की आवश्यकता महत्वपूर्ण हो जाती है।

उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटना, हार्ट अटैक, ब्रेन स्ट्रोक, गंभीर चोट अथवा अन्य आकस्मिक आपात स्थिति में मरीज को तत्काल विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधा मिल जाए तो कई जानें बचाई जा सकती हैं। लेवल-2 ट्रॉमा सेंटर के रूप में विकसित होने के बाद गंभीर मरीजों को वाराणसी, गोरखपुर अथवा अन्य बड़े शहरों में रेफर करने की आवश्यकता काफी हद तक कम होगी और उन्हें गाजीपुर में ही समय पर बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जा सकेगा।

विजय मिश्र ने ट्रॉमा सेंटर में 24 घंटे इमरजेंसी एवं ट्रॉमा सेवाएं, न्यूरोसर्जन, रेडियोलॉजिस्ट, एनेस्थेटिस्ट, ऑर्थोपेडिक सर्जन, जनरल सर्जन एवं कैजुअल्टी मेडिकल ऑफिसर समेत विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती की मांग की। इसके साथ ही पर्याप्त नर्सिंग एवं पैरामेडिकल स्टाफ, आईसीयू/क्रिटिकल केयर यूनिट, आधुनिक ऑपरेशन थिएटर, अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरण एवं अन्य आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि ट्रॉमा सेंटर के लेवल-2 में उच्चीकृत होने का लाभ केवल गाजीपुर जनपद के लोगों को ही नहीं, बल्कि मऊ, आजमगढ़, बलिया समेत आसपास के अन्य जनपदों के गंभीर मरीजों एवं दुर्घटना पीड़ितों को भी मिलेगा। इससे पूर्वांचल में त्वरित और बेहतर आपात चिकित्सा व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री बृजेश पाठक ने पूर्व मंत्री द्वारा रखे गए इस महत्वपूर्ण जनहित के विषय को गंभीरता से सुना और तत्काल अपर मुख्य सचिव, चिकित्सा शिक्षा को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

पूर्व मंत्री विजय मिश्र ने गाजीपुर ट्रॉमा सेंटर के सुदृढ़ीकरण एवं बेहतर संचालन के लिए तत्काल संज्ञान लेने पर उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक के प्रति आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button