Blog

नालियों और जलनिकासी की व्यवस्था न होने से बरहनिया व चंदननगर के ग्रामीण परेशान, प्रशासन से समाधान के लिए लगाई गुहार….।

एक दिन की बारिश में घुटनों तक पानी, बरहानिया गांव में जलनिकासी व्यवस्था ध्वस्त

गाजीपुर ।

जनपद के बरहानिया गांव में महज एक दिन की बारिश ने जलनिकासी व्यवस्था की पोल खोल दी है। गांव की गलियों में घुटनों तक पानी भर जाने से ग्रामीणों का घरों से निकलना तक मुश्किल हो गया है। हालात ऐसे हैं कि लोगों को पानी के बीच से होकर अपने जरूरी कामों के लिए आवागमन करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों के मुताबिक गांव में बारिश के पानी की निकासी के लिए समुचित रास्ता नहीं है। नालियों की व्यवस्था न होने के कारण बारिश का पानी गलियों में ही जमा हो जाता है। तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि कई स्थानों पर घुटनों तक पानी भरा हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि यह गंगा की बाढ़ का पानी नहीं, बल्कि केवल एक दिन हुई बारिश का नतीजा है। ऐसे में यदि एक-दो बार और तेज बारिश हो गई तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।

ग्रामीणों का कहना है कि हर वर्ष बरसात के मौसम में गांव में जलभराव की यही समस्या उत्पन्न होती है, लेकिन स्थायी समाधान की दिशा में अब तक कोई ठोस पहल नहीं हो सकी है। जलभराव के कारण बच्चों को स्कूल जाने में परेशानी होती है, जबकि नौकरी-पेशा लोगों को भी अपने कार्यस्थल तक पहुंचने के लिए मुश्किलों का सामना करना पड़ता है।

सबसे अधिक चिंता की स्थिति उस समय बनती है जब गांव में किसी व्यक्ति की तबीयत खराब हो जाए या कोई आकस्मिक स्थिति उत्पन्न हो। जलभराव के चलते मरीजों और जरूरतमंदों को बाहर ले जाने में ग्रामीणों को काफी परेशानी उठानी पड़ती है।

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मामले का तत्काल संज्ञान लेने की मांग की है। स्थानीय लोगों ने एसडीएम और जिलाधिकारी से गांव में जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था कराने तथा जमा पानी की तत्काल निकासी कराने की गुहार लगाई है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में भारी बारिश के दौरान हालात और भयावह हो सकते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button