Blog

शिक्षक दिवस पर दिव्यांग विद्यालय के शिक्षकों का सम्मान ,

गाजीपुर।

शिक्षक दिवस के अवसर पर समर्पण संस्था, शास्त्री नगर गाजीपुर द्वारा संचालित राजेश्वरी विकलांग विद्यालय एवं व्यवसायिक प्रशिक्षण केंद्र, फतेउल्लाहपुर में शुक्रवार को विशेष सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भारत के प्रथम उपराष्ट्रपति एवं द्वितीय राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जन्मदिवस पर उन्हें श्रद्धापूर्वक याद किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ संस्था की संरक्षिका एवं मुख्य अतिथि सुश्री सविता सिंह ने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। इसके बाद विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

मुख्य अतिथि सुश्री सविता सिंह ने कहा कि शिक्षक समाज और राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। शिक्षक केवल बच्चों को शिक्षा ही नहीं देते, बल्कि उनके व्यक्तित्व को आकार देकर उन्हें जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा भी देते हैं। डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन ने उच्च पदों पर पहुंचने के बावजूद शिक्षक के रूप में अपनी मूल पहचान और आदर्शों को हमेशा सर्वोपरि रखा। उनके जन्मदिवस को शिक्षक दिवस के रूप में मनाना शिक्षकों के प्रति सम्मान और उनके योगदान को रेखांकित करता है।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं को अंगवस्त्र, कलम एवं डायरी भेंटकर सम्मानित किया। सम्मान पाकर शिक्षक-शिक्षिकाओं ने प्रसन्नता व्यक्त की और इसे अपने लिए गौरव का क्षण बताया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य अमरनाथ गुप्ता ने मुख्य अतिथि सहित सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शिक्षक दिवस पर मिला यह सम्मान हम सभी के लिए प्रेरणादायी है। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने संकल्प लिया कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ करते हुए दिव्यांग बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयास करेंगे।

कार्यक्रम के दौरान शिक्षक-शिक्षिकाओं ने अपने विचार भी व्यक्त किए। अंत में मुख्य अतिथि सुश्री सविता सिंह ने विद्यालय के दिव्यांग छात्र-छात्राओं के बीच मिष्ठान वितरित किया। मिठाई पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। समारोह ने शिक्षक दिवस को सम्मान, सेवा और संवेदना के संदेश के साथ सार्थक बना दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button