किसानों ने विभिन्न मांगों को लेकर ब्लॉकों में सौंपा ज्ञापन…।

भूमि अधिग्रहण में चार गुना मुआवजा, किसान सम्मान योजना और फसल क्षति का मुआवजा देने की उठी मांग….
गाजीपुर ।
किसानों की विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर भारतीय किसान संघ के प्रदेशव्यापी आह्वान पर बुधवार को जनपद के सभी विकासखंडों में कार्यकर्ताओं ने संबंधित खंड विकास अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम संबोधित ज्ञापन के माध्यम से किसानों की समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की गई।
सदर ब्लॉक में जिलाध्यक्ष अमित कुमार सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने ज्ञापन सौंपा। वहीं रेवतीपुर ब्लॉक में जिलामंत्री शिवम चौबे के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने बीडीओ को ज्ञापन दिया। जनपद के अन्य विकासखंडों में भी ब्लॉक अध्यक्षों के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर किसानों की समस्याओं के निराकरण की मांग उठाई।
ज्ञापन में भूमि अधिग्रहण की स्थिति में किसानों को बाजार मूल्य का चार गुना मुआवजा देने, भूमिहीन होने वाले किसानों को रोजगार से जोड़ने तथा भूमि अधिग्रहण से पूर्व किसानों को शामिल करते हुए आयोग के गठन की मांग की गई। इसके साथ ही प्रदेश में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की तर्ज पर मुख्यमंत्री किसान सम्मान योजना लागू करने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई।
किसान संघ ने अंश निर्धारण में लापरवाही बरतने वाले विभागीय कर्मचारियों की जवाबदेही तय करने, घड़रोज एवं निराश्रित पशुओं की समस्या का स्थायी समाधान कराने तथा उर्वरकों की कालाबाजारी पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की। क्षतिग्रस्त माइनरों और कुलावों की मरम्मत, सरकारी क्रय केंद्रों की संख्या बढ़ाने तथा किसानों की आवश्यकता और नुकसान के अनुरूप क्रय केंद्र निर्धारित करने की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही।
वहीं अधिक वर्षा के कारण फसलों, पशुओं और मकानों को हुए नुकसान का उचित मुआवजा देने की मांग की गई। किसान संघ ने गौ आश्रय स्थलों की व्यवस्था में सुधार करते हुए स्थानीय गो-भक्त किसानों को उनके संचालन में शामिल करने की भी मांग उठाई।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि किसानों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाना चाहिए। उन्होंने प्रशासन से ज्ञापन में उठाई गई सभी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई की अपेक्षा जताई।



