गाजीपुर ।
पूर्वांचल की खेल प्रतिभाओं की नर्सरी और ओलंपिक पदक विजेताओं की जन्मस्थली मेघबरन सिंह स्टेडियम , करमपुर एक बार फिर राष्ट्रीय खेल पटल पर सुर्खियाँ बटोरने जा रही है। 2 फरवरी से 8 फरवरी 2026 तक यहां 29वीं अखिल भारतीय मेघबरन सिंह–ठाकुर तेज बहादुर सिंह स्मृति हॉकी प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देश की 12 शीर्ष हॉकी टीमें खिताब के लिए जोरदार मुकाबले खेलेंगी ।
ओलंपिक गौरव से जुड़ा है स्टेडियम का नाम
यह आयोजन इस बार कई मायनों में ऐतिहासिक और प्रेरणादायी है। इसी स्टेडियम की मिट्टी में पली-बढ़ी प्रतिभाओं ललित कुमार उपाध्याय और राजकुमार पाल ने पेरिस ओलंपिक 2024 में भारतीय हॉकी टीम का प्रतिनिधित्व कर न केवल गाजीपुर, बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई। ऐसे में यह प्रतियोगिता उभरते खिलाड़ियों के लिए ओलंपिक सपनों की ओर कदम बढ़ाने का सशक्त मंच बनकर उभर रही है ।
2 फरवरी को होगा भव्य उद्घाटन……
इस प्रतियोगिता का भव्य उद्घाटन समारोह 2 फरवरी 2026 (अपराह्न) को आयोजित किया जाएगा। उद्घाटन उत्तर प्रदेश सरकार के दो वरिष्ठ मंत्रियों द्वारा संयुक्त रूप से किया जाएगा ।
इस खेल प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि के रूप में श्री दयाशंकर सिंह , राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), परिवहन विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार एवं श्री रविन्द्र जायसवाल, राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), स्टाम्प तथा न्यायालय शुल्क एवं पंजीयन विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराएंगे।
8 फरवरी को समापन एवं पुरस्कार वितरण…….
इस प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला एवं समापन समारोह 8 फरवरी 2026 को आयोजित होगा । इस अवसर पर
माननीय श्री गिरीश चन्द्र यादव , राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), खेल एवं युवा कल्याण विभाग , उत्तर प्रदेश सरकार
मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहकर विजेता एवं उपविजेता टीमों को पुरस्कार प्रदान करेंगे ।
12 शीर्ष टीमें लेंगी भाग…….
हॉकी इंडिया के मानकों के अनुरूप आयोजित इस प्रतियोगिता में लीग-कम-नॉकआउट आधार पर मुकाबले खेले जाएंगे। भाग लेने वाली प्रमुख टीमें हैं —
आर्मी ग्रीन, जालंधर
CISF, जालंधर
NCOE, लखनऊ
यूपी पुलिस, लखनऊ
पूर्वोत्तर रेलवे (NER), गोरखपुर
अश्विनी स्पोर्ट्स अकादमी, मैसूर
मिर्जापुर इलेवन (हॉकी इंडिया)
स्पोर्ट्स हॉस्टल, वाराणसी
स्पोर्ट्स हॉस्टल, झाँसी
सैफई स्पोर्ट्स कॉलेज, इटावा
बीएचयू (BHU), वाराणसी
मेघबरन सिंह हॉकी अकादमी, करमपुर (मेजबान)
इस बाबत आयोजन समिति ने समस्त खेल प्रेमियों, मीडिया बंधुओं एवं क्षेत्रीय जनता से अपील की है कि वे बड़ी संख्या में उपस्थित होकर इस ऐतिहासिक राष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिता का साक्षी बनें और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करें ।
पूर्वांचल की धरती से उठती हॉकी की यह गूंज न केवल खेल प्रतिभाओं को नई दिशा देगी, बल्कि गाजीपुर को एक बार फिर देश के खेल मानचित्र पर मजबूती से स्थापित करेगी ।










