गाजीपुर ।
उत्तर प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल का जनपद गाजीपुर का एक दिवसीय भ्रमण कार्यक्रम गरिमामय एवं प्रेरणादायी वातावरण में सम्पन्न हुआ। निर्धारित समयानुसार पूर्वाह्न 10 बजे पुलिस लाइन सभागार पहुंचीं राज्यपाल महोदया ने विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रमों में सहभागिता कर जनसेवा के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराया ।
दिव्यांग बच्चों से संवाद, उपकरण वितरण…….
इस कार्यक्रम की शुरुआत पुलिस लाइन सभागार में दिव्यांग बच्चों से आत्मीय संवाद से हुई। राज्यपाल महोदया ने बच्चों के स्वास्थ्य, शिक्षा, रुचियों एवं भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी ली तथा उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि दिव्यांगता किसी की प्रतिभा और क्षमता में बाधक नहीं हो सकती; दृढ़ संकल्प और सकारात्मक सोच से हर लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है ।
इस अवसर पर दिव्यांगजनों को व्हीलचेयर एवं अन्य सहायक उपकरण वितरित किए गए, जिससे उनके दैनिक जीवन में सुगमता आएगी। बच्चों ने ‘तारे जमीन पर’ गीत पर भावपूर्ण सांस्कृतिक प्रस्तुति देकर सभी को भावविभोर कर दिया ।
सेवा कार्य हेतु बस को दिखाई हरी झंडी…….
राज्यपाल महोदया ने अपने विवेकाधीन कोष से सेवा कार्य हेतु समर्पित बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके पश्चात उन्होंने परिसर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों और प्रदर्शनी का अवलोकन कर योजनाओं की प्रगति की जानकारी प्राप्त की ।
2000 से अधिक लाभार्थियों को मिला योजनाओं का लाभ
पुलिस लाइन सभागार में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत बड़े पैमाने पर लाभार्थियों को प्रमाणपत्र एवं सामग्री वितरित की गई ।
प्रमुख वितरण इस प्रकार रहा —
200 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को प्री-स्कूल किट
10 पोषण पोटली (पोषण अभियान)
100 आयुष्मान कार्ड
300 लाभार्थियों को घरौनी (स्वामित्व योजना)
200 लाभार्थियों को मुख्यमंत्री आवास योजना की चाबी
100 कृषकों को प्रधानमंत्री सम्मान निधि स्वीकृति प्रमाणपत्र
150 लाभार्थियों को पीएम सूर्य योजना प्रमाणपत्र
100 परिवारों को अंत्योदय नवीन राशन कार्ड (जीरो पॉवर्टी)
225 श्रम विभाग के लाभार्थियों को प्रमाणपत्र
250 युवाओं को मुख्यमंत्री युवा उद्यमी अभियान के अंतर्गत डमी चेक
बाल विकास पुष्टाहार विभाग के कार्यक्रम में आंगनबाड़ी बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की राज्यपाल ने सराहना की और बच्चों को फल एवं चॉकलेट वितरित किए। महिला महाविद्यालय की छात्राओं ने महिला सुरक्षा और शिक्षा में सरकारी संस्थाओं की भूमिका पर अपने विचार व्यक्त किए ।
जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने किया स्वागत
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद डा. संगीता बलवन्त ने राज्यपाल का स्वागत करते हुए कहा कि उनका गाजीपुर आगमन महिलाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने स्वागत भाषण में महिला सशक्तिकरण, दिव्यांगजन कल्याण और टीबी मुक्त समाज की दिशा में राज्यपाल के मार्गदर्शन की सराहना की । मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य ने अंत में आभार ज्ञापित किया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक डा. ईराज राजा सहित जनपद स्तरीय अधिकारीगण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे ।
राज्यपाल के इस दौरे ने जनपद में जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रभावी क्रियान्विति और समाज के वंचित वर्गों के उत्थान के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को सशक्त संदेश दिया। कार्यक्रम उत्साह, संवेदना और सेवा भावना से परिपूर्ण रहा ।












