गाजीपुर ।
साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत गाजीपुर पुलिस की साइबर सेल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए यूपीआई फ्रॉड के शिकार युवक की 58,000 रुपये की धनराशि वापस कराई है ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता अनुपम तिवारी पुत्र संजय तिवारी, निवासी ग्राम नोनहरा, थाना नोनहरा जनपद गाजीपुर, के साथ यूपीआई के माध्यम से साइबर ठगी की घटना हुई थी। घटना के तुरंत बाद पीड़ित द्वारा NCRP पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई गई ।
इस सूचना मिलते ही साइबर सेल जनपद गाजीपुर सक्रिय हो गई। साइबर सेल प्रभारी विवेक तिवारी मय टीम द्वारा तत्परता से तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए दिनांक 28 फरवरी 2026 को पीड़ित की 58,000 रुपये की पूरी धनराशि वापस कराई गई ।
इस बाबत पुलिस अधिकारियों ने जनपदवासियों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी की स्थिति में घबराएं नहीं, बल्कि तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें अथवा NCRP पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते धनराशि को होल्ड कर वापस कराया जा सके।
साइबर सेल की इस त्वरित कार्रवाई से आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ है तथा साइबर अपराधियों के खिलाफ सख्त संदेश गया है ।












