गाजीपुर ।
अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना नन्दगंज पुलिस ने बड़ी सफलता प्राप्त करते हुए महिलाओं से झपट्टा मारकर मंगलसूत्र का लॉकेट एवं मोती छीनने वाले शातिर बदमाश को पुलिस मुठभेड़ में घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से लूट के आभूषण, अवैध तमंचा, कारतूस एवं घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 27/28 फरवरी 2026 की मध्यरात्रि को थानाध्यक्ष नन्दगंज अतुल कुमार मिश्र मय पुलिस बल रामपुर बन्तरा कट के पास संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर खास से सूचना मिली कि 01 फरवरी 2026 एवं 10 फरवरी 2026 को कस्बा नन्दगंज में महिलाओं से मंगलसूत्र छीनने वाला बदमाश आभूषण बेचने की फिराक में कहीं जा रहा है ।
इस सूचना पर विश्वास करते हुए पुलिस टीम बरहपुर रेलवे क्रॉसिंग के समीप बताए गए स्थान पर पहुंची । पुलिस को देख आरोपी भागने का प्रयास करने लगा , लेकिन फिसलकर गिर पड़ा। स्वयं को घिरा देख बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई संतुलित जवाबी फायरिंग में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया ।
बता दे कि घायल अभियुक्त की पहचान सर्वजीत यादव पुत्र हरिनारायण यादव निवासी ग्राम सिलौटा, थाना धीना, जनपद चन्दौली (उम्र लगभग 26 वर्ष) के रूप में हुई है। उसे तत्काल प्राथमिक उपचार हेतु जिला अस्पताल गाजीपुर भेजा गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने पकड़े गए अभियुक्त के पास से दो मंगलसूत्र के लॉकेट (पीली धातु) एवं चार मोती (पीली धातु) , घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल अपाचे आरटीआर 160 (संख्या UP67Y1116) ,एक अदद नाजायज तमंचा .315 बोर ,
एक अदद खोखा कारतूस .315 बोर , एक अदद जिंदा कारतूस .315 बोर बरामद किया है ।
पकड़े गए अभियुक्त के विरुद्ध पूर्व में भी विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें मु0अ0सं0 224/2020 धारा 401 भा0द0वि0 थाना जमानियां, तथा वर्ष 2026 में थाना नन्दगंज पर दर्ज अन्य संगीन धाराओं के मुकदमे शामिल हैं।
गिरफ्तारी टीम में थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्र, उपनिरीक्षक राजकुमार शुक्ल सहित थाना नन्दगंज पुलिस टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे ।
इस बाबत पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में महिलाओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है तथा ऐसे अपराधियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी ।












