गाजीपुर ।
उत्तर प्रदेश सरकार की बोर्ड परीक्षाओं को सकुशल एवं नकलविहीन संपन्न कराने के उद्देश्य से चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत विरेंद्र प्रताप, प्रभारी निरीक्षक थाना सैदपुर मय हमराहियान द्वारा क्षेत्र भ्रमण एवं परीक्षा केंद्रों की लगातार जांच की जा रही थी ।
विश्वस्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने सेक्टर मजिस्ट्रेट उदय चन्द्र राय एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेट जितेन्द्र कनौजिया के साथ संयुक्त रूप से आदर्श इंटर कॉलेज सियावाँ-भितरी (इंटरमीडिएट केंद्र संख्या—7332) पर औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान पांच परीक्षार्थी दूसरे अभ्यर्थियों के स्थान पर परीक्षा देते हुए पाए गए ।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान राहुल कुशवाहा, सत्येन्द्र शर्मा, आकाश सिंह (जनपद वाराणसी), अजय यादव एवं सूरज यादव के रूप में हुई है। सभी को तत्काल हिरासत में लेकर आवश्यक पूछताछ की गई।
पकड़े गए आरोपियों के पास से 05 अदद प्रवेश पत्र , 04 अदद आधार कार्ड , 06 अदद उत्तर पुस्तिकाएं , 06 अदद प्रश्न पत्र , 02 अदद रजिस्ट्रेशन पत्र बरामद किए गए हैं ।
इस संबंध में थाना स्थानीय पर मु0अ0सं0 57/2026 धारा 7/13(3) उ0प्र0 सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अध्यादेश 2024 तथा 319(2) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बोर्ड परीक्षाओं की शुचिता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। परीक्षा में फर्जीवाड़ा या अनुचित साधनों का प्रयोग करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी ।












