गाजीपुर ।
जनसमस्याओं के प्रभावी एवं त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से शनिवार को थाना दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी अविनाश कुमार की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक डा0 ईरज राजा की उपस्थिति में थाना जंगीपुर में जनसुनवाई आयोजित की गई ।
थाना दिवस के दौरान उपस्थित फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुना गया तथा संबंधित अधिकारियों को उनके शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर कुल 07 फरियादियों ने अपनी-अपनी शिकायतें लिखित रूप में प्रस्तुत कीं, जिनमें से 02 प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष मामलों के समाधान हेतु संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश प्रदान किए गए ।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्राप्त होने वाली प्रत्येक शिकायत का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। उन्होंने निर्देशित किया कि राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम मौके पर जाकर जांच कर प्रकरणों का समाधान सुनिश्चित करे। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही अथवा शिथिलता क्षम्य नहीं होगी ।
पुलिस अधीक्षक ने भी कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में तत्परता एवं संवेदनशीलता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता की समस्याओं का समाधान पारदर्शी एवं निष्पक्ष तरीके से किया जाए, ताकि आमजन में प्रशासन के प्रति विश्वास और मजबूत हो।
इस अवसर पर थाना प्रभारी जंगीपुर सहित पुलिस विभाग एवं राजस्व विभाग के संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे ।
थाना दिवस के आयोजन से फरियादियों को अपनी समस्याएं सीधे उच्चाधिकारियों के समक्ष रखने का अवसर मिला तथा प्रशासनिक सक्रियता का एक सकारात्मक संदेश भी लोगो के बीच पहुंचा ।












