गरीब परिवारों और महिलाओं के उत्थान के लिए गांव-गांव अभियान चलाएगी संस्था — अखिलेश सिंह

नशाखोरी के खिलाफ भी वृहद अभियान चलाने का ऐलान, सेवा संकल्प अभियान के तहत निजी पैलेस में आयोजित हुआ कार्यक्रम….।
गाजीपुर ।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी की ओर से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत जनपद में विभिन्न सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।
इसी क्रम में शुक्रवार को महिला कल्याण एवं जन उत्थान फाउंडेशन के तत्वावधान में शहर स्थित एक निजी पैलेस में वृहद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज के कमजोर वर्गों, विशेष रूप से गरीब परिवारों और महिलाओं के उत्थान को लेकर संस्था की आगामी योजनाओं पर चर्चा की गई।

इस अवसर पर भाजपा नेता अखिलेश सिंह ने कहा कि महिला कल्याण एवं जन उत्थान फाउंडेशन के माध्यम से गरीब परिवारों, खासकर महिलाओं के कल्याण और उत्थान के लिए कार्य किया जा रहा है। संस्था का उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों तक सहायता पहुंचाना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में प्रयास करना है।
उन्होंने बताया कि संस्था के कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर गरीब और जरूरतमंद परिवारों को चिन्हित करेंगे। इसके बाद प्रत्येक परिवार की आवश्यकताओं का आकलन कर उन्हें आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि संस्था जरूरतमंद परिवारों की समस्याओं के अनुरूप उनकी मदद करने के लिए प्रतिबद्ध है।

नशाखोरी के खिलाफ चलेगा अभियान —
भाजपा नेता अखिलेश सिंह ने समाज में बढ़ती नशाखोरी को एक बड़ी समस्या बताते हुए इसके खिलाफ व्यापक अभियान चलाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि नशे के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करने और नशाखोरी पर रोकथाम के लिए संस्था की ओर से वृहद अभियान चलाया जाएगा। इसके माध्यम से समाज में जागरूकता फैलाने तथा युवाओं और परिवारों को नशे से होने वाले नुकसान के प्रति सचेत करने का प्रयास किया जाएगा ।
इस कार्यक्रम के माध्यम से संस्था ने गरीब परिवारों के सहयोग, महिला उत्थान और नशामुक्ति के क्षेत्र में सामाजिक भागीदारी बढ़ाने का संदेश दिया ।



