छह अक्टूबर से आरंभ होगी ऐतिहासिक रामलीला ,19 दिनों तक विभिन्न स्थलों पर होगा रामलीला मंचन…..

20 को होगा रावण दहन , 24 अक्टूबर को श्रीराम राज्याभिषेक के साथ होगा अतिप्राचीन रामलीला का समापन….।
गाजीपुर ।
जनपद की सैकड़ों वर्ष पुरानी ऐतिहासिक रामलीला का मंचन इस वर्ष छह अक्टूबर, मंगलवार (एकादशी) से शुरू होगा ।
बता दे कि अति प्राचीन रामलीला कमेटी ‘हरिशंकरी’ की ओर से आयोजित होने वाली इस रामलीला का मंचन श्रीरामचरितमानस ग्रंथ के आधार पर परंपरागत रूप से किया जाता है। कमेटी के मंत्री ओमप्रकाश तिवारी (बच्चा) ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर रामलीला आयोजन की विस्तृत जानकारी दी ।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष रामलीला का मंचन ‘वन्दे वाणी विनायकों आदर्श श्रीरामलीला मंडल’ द्वारा प्रस्तुत किया जाएगा । 19 दिनों तक चलने वाली रामलीला का शुभारंभ छह अक्टूबर को हरिशंकरी स्थित राम चबूतरे पर धनुष-मुकुट पूजन के साथ होगा। इसके बाद निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार विभिन्न स्थलों पर लीला का मंचन किया जाएगा । 16 अक्टूबर को रामलीला का आयोजन रामलीला मैदान, लंका में पहुंचेगा, जहां 16 से 20 अक्टूबर तक मुख्य लीलाओं का मंचन होगा ।
24 अक्टूबर को श्रीराम राज्याभिषेक के साथ समापन :–
कमेटी के अनुसार 24 अक्टूबर, शनिवार को हरिशंकरी स्थित श्रीराम चबूतरे पर श्रीराम राज्याभिषेक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ वर्ष 2026 की रामलीला का समापन होगा । इस सांस्कृतिक कार्यक्रम में वाराणसी के कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे ।
यूट्यूब पर होगा सीधा प्रसारण, मैदान में लगेगी एलईडी स्क्रीन :–
रामलीला कमेटी ने बताया कि इस वर्ष रामलीला का सीधा प्रसारण यूट्यूब लिंक के माध्यम से भी किया जाएगा। वहीं विजयादशमी के दिन रामलीला मैदान में होने वाली भीड़ को देखते हुए एलईडी स्क्रीन की व्यवस्था की गई है, ताकि आमजन और माताओं-बहनों को कार्यक्रम देखने में असुविधा न हो ।
इस प्रेस वार्ता में विनय कुमार सिंह, गोपाल जी पाण्डेय, लक्ष्मी नारायण, लव कुमार त्रिवेदी, मनोज कुमार तिवारी, मयंक तिवारी, रोहित अग्रवाल, अनुज अग्रवाल, अशोक कुमार अग्रवाल, राजेश प्रसाद, अजय पाठक सहित अन्य कमेटी सदस्य उपस्थित रहे।



