Blog

₹2000 से अधिक के UPI लेन-देन पर MDR के विरोध में कांग्रेस का अनोखा प्रदर्शन…।


भाजपा सांसद संगीता बलवंत के आवास पर कांग्रेस ने पहुंचाया ‘UPI वाला तोहफा’, व्यापारियों की आर्थिक चिंताओं को लेकर सरकार पर साधा निशाना…..।


गाजीपुर ।

उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री अजय राय के निर्देश पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ₹2000 से अधिक के चुनिंदा व्यापारी UPI लेन-देन पर प्रस्तावित 0.4 प्रतिशत मर्चेंट डिस्काउंट रेट (MDR) के विरोध में अनोखे तरीके से जनजागरण अभियान चलाया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा की राज्यसभा सांसद संगीता बलवंत के आवास पर पहुंचे और उनके प्रतिनिधि डॉ. अवधेश बिंद को ₹2000 से अधिक के UPI भुगतान के माध्यम से खरीदा जा सकने वाला सामान प्रतीकात्मक तोहफे के रूप में भेंट किया। इसके साथ ही सामान का QR कोड भी उपलब्ध कराया गया।

एआईसीसी सदस्य रविकांत राय ने कहा की कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इस कार्यक्रम के माध्यम से डिजिटल भुगतान से जुड़े शुल्क को लेकर व्यापारियों की चिंताओं को सामने रखा। कांग्रेस का कहना है कि जब देश में डिजिटल भुगतान को बढ़ावा दिया जा रहा है, तब बड़े व्यापारी लेन-देन पर MDR की प्रस्तावित व्यवस्था को लेकर सरकार को स्पष्टता देनी चाहिए। पार्टी ने इसे व्यापारियों और मध्यम वर्ग के आर्थिक हितों से जुड़ा मुद्दा बताया।

शहर कांग्रेस अध्यक्ष संदीप विश्वकर्मा ने कहा कि डिजिटल भुगतान को बढ़ावा दिए जाने के बाद व्यापारियों ने भी UPI व्यवस्था को व्यापक रूप से अपनाया है। अब ₹2000 से अधिक के कुछ व्यापारी लेन-देन पर MDR की व्यवस्था से कारोबारियों के बीच सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि व्यापारी समाज ऐसी नीतियों की अपेक्षा करता है, जिनसे कारोबार करना आसान हो। कांग्रेस कार्यकर्ता बाजारों में जाकर व्यापारियों से संवाद करेंगे और उनकी समस्याओं को प्रमुखता से उठाएंगे।

राय ने कहा कि कांग्रेस का यह कार्यक्रम किसी व्यक्ति के जन्मदिन का विरोध नहीं, बल्कि व्यापारियों और मध्यम वर्ग की आर्थिक चिंताओं को प्रतीकात्मक रूप से सामने रखने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि ₹2000 से अधिक के चुनिंदा P2M लेन-देन पर 0.4 प्रतिशत MDR की प्रस्तावित व्यवस्था को लेकर व्यापारियों में जो सवाल हैं, सरकार को उनका स्पष्ट जवाब देना चाहिए।

उन्होंने कहा कि जिस QR कोड के माध्यम से देश को डिजिटल अर्थव्यवस्था की ओर ले जाने का अभियान चलाया गया, उसी QR कोड के जरिए कांग्रेस भाजपा के जनप्रतिनिधियों तक व्यापारियों की आवाज पहुंचाने का प्रयास कर रही है। पार्टी का उद्देश्य व्यापारियों, दुकानदारों, मध्यम वर्ग और आम उपभोक्ताओं की आर्थिक चिंताओं को उठाना है।

कार्यक्रम में प्रमुख रूप से अजय कुमार श्रीवास्तव, ज्ञान प्रकाश सिंह, सुमन चौबे, विद्याधर, राजेश गुप्ता, राजीव सिंह, राम नगीना पांडेय, डॉ. नसीम अख्तर, गुड्डू, शंभू कुशवाहा, कमलेश्वर प्रसाद शर्मा, अखिलेश यादव, दिव्यांशु पांडेय, रईस अहमद, रमेश गुप्ता, शबीहूल हसन, अजलाल अब्बासी, सदानंद गुप्ता, राजेश सिन्हा, ताहिर अब्बासी आदि उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button