Blog

नंदगंज को तहसील और नगर पंचायत बनाने की मांग को लेकर प्रदर्शन…।

132 केवी विद्युत सब स्टेशन और एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की भी उठी मांग...।

गाजीपुर।

नंदगंज क्षेत्र के सर्वांगीण विकास की मांग को लेकर स्थानीय लोगों ने मंगलवार को जिला मुख्यालय स्थित सरजू पांडेय पार्क में प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने नंदगंज को तहसील और नगर पंचायत का दर्जा देने सहित तीन प्रमुख मांगों को लेकर शासन-प्रशासन से आवश्यक कार्रवाई की मांग की।

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि स्वतंत्रता आंदोलन में नंदगंज क्षेत्र की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। इसके बावजूद क्षेत्र का अपेक्षित विकास नहीं हो सका है। स्थानीय लोगों ने नंदगंज को स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास से जुड़े महत्वपूर्ण क्षेत्र के रूप में विकसित करने की मांग भी उठाई।

प्रदर्शनकारियों के मुताबिक नंदगंज को जिले का औद्योगिक क्षेत्र घोषित किया गया है, लेकिन क्षेत्र में पर्याप्त बिजली, बेहतर आवागमन और रेल सुविधाओं का अभाव बना हुआ है। नंदगंज चीनी मिल बंद होने से गन्ना किसानों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा है। व्यापारियों की सुरक्षा और बुनियादी सुविधाओं की कमी के कारण क्षेत्र में औद्योगिक निवेश की संभावनाओं पर भी असर पड़ रहा है।

तीन प्रमुख मांगें

प्रदर्शनकारियों ने क्षेत्र के विकास और युवाओं के पलायन को रोकने के लिए तीन प्रमुख मांगें शासन के समक्ष रखीं। इनमें नंदगंज को तहसील एवं नगर पंचायत का दर्जा देने, 132 केवी विद्युत सब स्टेशन स्थापित करने तथा गाजीपुर से नंदगंज होकर गुजरने वाली सभी एक्सप्रेस ट्रेनों का नंदगंज स्टेशन पर ठहराव सुनिश्चित करने की मांग शामिल है।

स्थानीय लोगों ने कहा कि इन सुविधाओं के मिलने से नंदगंज क्षेत्र में प्रशासनिक गतिविधियों के साथ-साथ व्यापार, उद्योग, रोजगार और आवागमन को भी बढ़ावा मिलेगा। प्रदर्शनकारियों ने शासन-प्रशासन से मांगों पर गंभीरता से विचार कर जल्द आवश्यक कदम उठाने की मांग की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button