नियमितीकरण समेत मांगों को लेकर एनएचएम संविदा कर्मचारियों ने सौंपा ज्ञापन…।
8 से 10 अक्टूबर तक कार्यक्रम बहिष्कार की चेतावनी, 12 अक्टूबर को प्रदेश मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन का ऐलान....।

गाजीपुर ।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन कर्मचारी संघ ने एनएचएम संविदा कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं और लंबित मांगों को लेकर जिलाधिकारी एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। जिलाध्यक्ष राघवेंद्र शेखर सिंह के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में लंबे समय से स्वास्थ्य विभाग में सेवाएं दे रहे संविदा कर्मचारियों के नियमितीकरण सहित कई मांगों के शीघ्र समाधान की मांग की गई।
संगठन ने प्रमुख रूप से एनएचएम संविदा कर्मचारियों के नियमितीकरण तथा समान कार्य के लिए समान वेतन की मांग उठाई। पदाधिकारियों ने कहा कि जब तक नियमितीकरण की प्रक्रिया पूरी नहीं होती, तब तक कर्मचारियों के वेतन में वृद्धि कर उन्हें सम्मानजनक वेतन दिया जाना चाहिए।
ज्ञापन में कर्मचारियों और उनके आश्रितों के लिए कम से कम 10 लाख रुपये की कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के साथ महंगाई भत्ता, ईपीएफ, एचआरए और ग्रेच्युटी का लाभ देने की मांग भी की गई। इसके अलावा रिक्त पदों पर गैर जनपद स्थानांतरण की सुविधा, सेवा के दौरान मृत्यु होने पर आश्रित को अनुकंपा नियुक्ति तथा एनएचएम के तहत कार्यरत आउटसोर्स कर्मचारियों को जिला स्वास्थ्य समिति में समायोजित करने की मांग रखी गई।
संघ ने स्वास्थ्य विभाग की नियमित भर्तियों में एनएचएम संविदा कर्मचारियों के लिए कम से कम 25 प्रतिशत सीटों का कोटा निर्धारित करने की भी मांग की। पदाधिकारियों का कहना है कि संविदा कर्मचारी लंबे समय से ग्रामीण और दुर्गम क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को आमजन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इसके बावजूद उनकी सेवा शर्तों और भविष्य को लेकर अपेक्षित समाधान नहीं हो पाया है।
ज्ञापन में कहा गया कि यदि मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई तो 8, 9 और 10 अक्टूबर को जिला मुख्यालय पर कार्यक्रमों का बहिष्कार किया जाएगा। इसके बाद 12 अक्टूबर को प्रदेश मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन कर आंदोलन को आगे बढ़ाने की चेतावनी दी गई।
ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रमोद कुमार, प्रदीप कुमार सिंह, विशाल राय, अनिल कुमार शर्मा, सुनील कुमार, दुर्गा प्रसाद, अमित कुमार कुशवाहा, राजेश कुमार बिंद, डॉ. शाहबाज, राधेश्याम यादव, सोमरू कुमार, अमित कुशवाहा, संदीप पाल, अमरदीप पाल, अवनीश मित्तल समेत बड़ी संख्या में एनएचएम संविदा कर्मचारी मौजूद रहे।












