Blog

सिंचाई विभाग के परित्यक्त कमरे में चल रही थी मिनी गन फैक्ट्री…।

जमानिया में पुलिस-स्वाट टीम का छापा, 9 तमंचे समेत अर्द्धनिर्मित हथियार और उपकरण बरामद....।

गाजीपुर ।

जमानिया थाना क्षेत्र में अवैध असलहा निर्माण और तस्करी के खिलाफ पुलिस एवं स्वाट टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। सिंचाई विभाग के एक परित्यक्त डिस्पोजल कमरे में कथित रूप से चल रहे हथियार निर्माण के ठिकाने पर छापेमारी कर पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। मौके से नौ चालू देशी तमंचे, चार अर्द्धनिर्मित हथियार, कारतूस, हथियारों के पार्ट्स और असलहा बनाने के उपकरण बरामद किए गए हैं। पुलिस ने एक मोटरसाइकिल भी कब्जे में ली है।

पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने कार्रवाई की जानकारी देते हुए बताया कि अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान जमानिया पुलिस और स्वाट टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पाण्डेयपुर मोड़ के पास सिंचाई विभाग के डिस्पोजल कमरे में अवैध हथियारों का निर्माण किया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने मौके पर छापेमारी की।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से पन्ना लाल बिंद, मनोज कुमार राय उर्फ चम्पी राय और सोनू बिंद को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में नौ चालू हालत के देशी तमंचे बरामद हुए। इसके अलावा .315 बोर के तीन अर्द्धनिर्मित तमंचे, .12 बोर का एक अर्द्धनिर्मित तमंचा तथा .32 बोर का एक अर्द्धनिर्मित रिवॉल्वर भी मिला। पुलिस के अनुसार मौके से जिंदा एवं खोखा कारतूस, पिस्टल व तमंचों के पार्ट्स तथा हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले विभिन्न उपकरण भी बरामद किए गए हैं।

सप्लाई नेटवर्क खंगाल रही पुलिस

पुलिस के सामने अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि तैयार किए जा रहे अवैध हथियारों की सप्लाई कहां और किन लोगों तक की जाती थी। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस हथियारों के खरीदारों, संभावित आपूर्ति नेटवर्क और इस धंधे से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।

पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और अवैध असलहों की सप्लाई चेन का पता लगाने के लिए जांच जारी है। जमानिया क्षेत्र में हुई इस कार्रवाई को अवैध हथियार निर्माण और तस्करी के खिलाफ पुलिस की अहम कार्रवाई माना जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button