Blog

यूपी की सभी विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी में लोजपा (रामविलास): संजय सिंह

गाजीपुर पहुंचे बिहार के मंत्री बोले—जनपदवार संगठन मजबूत करने में जुटे कार्यकर्ता, फिर बनेगी एनडीए समर्थित सरकार..।

गाजीपुर ।

लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी तैयारियों में जुट गई है। पार्टी प्रदेश की सभी विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की रणनीति बना रही है। यह बात बिहार सरकार के लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के मंत्री और वैशाली जिले की महुआ विधानसभा सीट से विधायक संजय सिंह ने शनिवार को गाजीपुर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कही।

मिर्जापुर में मां विंध्यवासिनी और वाराणसी में बाबा विश्वनाथ के दर्शन-पूजन के बाद संजय सिंह गाजीपुर शहर के रौजा स्थित न्यू इंदिरा नगर कॉलोनी में सुनील सिंह के आवास पर पहुंचे। यहां उनका भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान उन्होंने उत्तर प्रदेश की राजनीतिक परिस्थितियों और आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी की तैयारियों पर अपनी बात रखी।

संजय सिंह ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पार्टी के कार्यकर्ता जनपदवार संगठन को मजबूत करने में जुटे हैं। सभी जिलों में संगठनात्मक गतिविधियां तेज की जा रही हैं, ताकि चुनाव के समय पार्टी मजबूती के साथ मैदान में उतर सके। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में एक बार फिर एनडीए समर्थित सरकार बनने जा रही है।

बिहार में हर घर नल योजना का किया जिक्र

बिहार में पेयजल योजनाओं की जानकारी देते हुए मंत्री संजय सिंह ने कहा कि राज्य में हर घर नल योजना सफलतापूर्वक संचालित की जा रही है। पेयजल आपूर्ति से जुड़ी किसी भी तरह की समस्या सामने आने पर उसके त्वरित निस्तारण का प्रयास किया जाता है। इसके लिए वेबसाइट, ईमेल, फोन नंबर और संबंधित अधिकारियों के माध्यम से शिकायत दर्ज कराने की व्यवस्था है।

उन्होंने बताया कि शिकायतों का निस्तारण 48 घंटे के भीतर करने का प्रयास किया जाता है। सरकार का लक्ष्य इस अवधि को घटाकर 24 घंटे करना है, ताकि लोगों को पेयजल संबंधी समस्याओं से जल्द राहत मिल सके।

11 महीने के विकास कार्यों को बताया ऐतिहासिक

महुआ विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए संजय सिंह ने कहा कि पिछले 11 महीनों में जितने विकास कार्य हुए हैं, उतने आजादी के बाद से पहले कभी नहीं हुए। उन्होंने दावा किया कि बिहार प्रगति के रास्ते पर तेजी से आगे बढ़ रहा है और विभिन्न क्षेत्रों में विकास योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंच रहा है और सरकार के प्रति जनता का समर्थन बढ़ रहा है।

कार्यक्रम में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के पूर्व एमएलसी हुलास पांडेय, त्रिभुवन सिंह, गर्वजीत सिंह, संजय सिंह, नीतीश सिंह, अवनीश सिंह और कार्तिक गुप्ता सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button