Blog

ऑटो और महिंद्रा की आमने-सामने टक्कर में एक की मौत, पांच घायल…।

दो गंभीर घायलों को वाराणसी किया गया रेफर, मोहम्मदाबाद से गाजीपुर आ रहे थे सभी...।

गाजीपुर ।

शहर कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार दोपहर करीब एक बजे तेज रफ्तार ऑटो और महिंद्रा एएक्सवी-300 की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में ऑटो सवार छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान एक व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं दो गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद वाराणसी रेफर कर दिया गया।

मृतक की पहचान भांवरकोल थाना क्षेत्र के तोड़रपुर निवासी अशोक कुमार के रूप में हुई है। बताया गया कि वह अन्य लोगों के साथ मोहम्मदाबाद से गाजीपुर शहर आ रहे थे।

हादसे में घायल हसनपुर गौड़ा, थाना बरेसर निवासी पारस, भांवरकोल निवासी सुनील गौड़ (45), अहिरौली मोहम्मदाबाद निवासी दिनेश सिंह कुशवाहा (55) और उनकी पत्नी मंजू देवी (48) का गाजीपुर मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है। वहीं मनिया मिर्जाबाद, थाना भांवरकोल निवासी सुनील गौड़ तथा सौना रसूलपुर, थाना नोनहरा निवासी धर्मेंद्र उपाध्याय की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें वाराणसी रेफर कर दिया।

टक्कर के बाद सड़क पर गिर पड़े सवार

घायल दिनेश सिंह कुशवाहा ने बताया कि वह अपनी पत्नी मंजू देवी और अन्य लोगों के साथ मोहम्मदाबाद के अहिरौली से ऑटो में सवार होकर गाजीपुर शहर आ रहे थे। शहर कोतवाली क्षेत्र में पहुंचते ही सामने से तेज गति से आ रही महिंद्रा एएक्सवी-300 ने ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग सड़क पर गिरकर घायल हो गए।

शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

हादसे की सूचना मिलते ही शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। शहर कोतवाली प्रभारी प्रमोद सिंह ने बताया कि हादसे में घायल लोगों का उपचार कराया जा रहा है। मृतक अशोक कुमार के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

उन्होंने बताया कि महिंद्रा एएक्सवी-300 के चालक के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। तहरीर मिलने के बाद मामले में नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button