जनगणना-2027 की तैयारियों को लेकर डीएम ने दिए निर्देश, 14 नवंबर तक पूरा होगा प्रशिक्षण….।
-गणना के प्रचार-प्रसार पर जोर, नागरिकता से जनगणना का कोई संबंध नहीं...।

गाजीपुर ।
जनगणना-2027 की तैयारियों एवं स्व-गणना के व्यापक प्रचार-प्रसार को लेकर जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में सोमवार देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय जनगणना समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनगणना के आगामी चरण के सुचारु संचालन, प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों के प्रशिक्षण तथा स्व-गणना के प्रचार-प्रसार की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने जनगणना कार्य में लगाए गए प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों के प्रशिक्षण की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि प्रशिक्षण निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार संचालित किए जाएं तथा संबंधित सभी कार्यवाही समय-सीमा के भीतर पूरी की जाए। बैठक में बताया गया कि प्रशिक्षण कार्य प्रगति पर है और इसे 14 नवंबर 2026 तक पूरा कर लिया जाएगा।
स्व-गणना के लिए लोगों को जागरूक करने पर जोर —
जिलाधिकारी ने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने विभाग की ओर से स्व-गणना के प्रचार-प्रसार की कार्ययोजना तैयार करें। विभागीय माध्यमों से इसका व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए, ताकि अधिक से अधिक परिवार इस सुविधा की जानकारी प्राप्त कर स्वयं अपनी जानकारी दर्ज करने के लिए प्रेरित हों।
उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ उपलब्ध प्रचार माध्यमों का प्रभावी उपयोग करें और स्व-गणना का संदेश जनपद के प्रत्येक परिवार तक पहुंचाएं। इसके लिए व्यापक जनजागरूकता एवं जनभागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया।
जनगणना में नहीं मांगा जाएगा कोई दस्तावेज —
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनगणना के दौरान प्रगणक किसी भी प्रकार का दस्तावेज नहीं मांगेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि जनगणना प्रक्रिया का नागरिकता से कोई संबंध नहीं है। बैठक में जनगणना के सफल क्रियान्वयन के लिए सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा प्रशिक्षण कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर जनगणना प्रक्रिया को लेकर कार्यशाला का भी आयोजन किया गया, जिसमें जिला जनगणना प्रभारी आकाश राय ने प्रशिक्षण प्रदान किया।
इस बैठक में मुख्य विकास अधिकारी एवं अपर प्रमुख जनगणना अधिकारी आलोक प्रसाद, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) एवं जिला जनगणना अधिकारी वेद सिंह चौहान सहित संबंधित उपजिलाधिकारी, तहसीलदार, अधिशासी अधिकारी और खंड शिक्षा अधिकारी उपस्थित रहे।















