Blog

दीपावली से पहले गाजीपुर में मिठाइयों की जांच, 49 किलो दूषित खाद्य पदार्थ नष्ट…।

खाद्य सुरक्षा विभाग की विशेष अभियान में कार्रवाई, 15 नमूने जांच के लिए भेजे गए...।

 

गाजीपुर ।

दीपावली पर्व पर आमजन को गुणवत्तापूर्ण खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराने और मिलावट पर प्रभावी रोकथाम के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने जनपद में विशेष अभियान चलाया। एक और दो नवंबर को चलाए गए अभियान के दौरान विभिन्न प्रतिष्ठानों से कुल 15 खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए गए। वहीं, मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त पाए गए 49 किलोग्राम खोया, छेना मिठाई, रसगुल्ला और गुलाब जामुन को नष्ट कराया गया। नष्ट कराए गए खाद्य पदार्थों की अनुमानित कीमत 13,900 रुपये बताई गई है।

यह कार्रवाई आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश, लखनऊ और जिलाधिकारी गाजीपुर के आदेश पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) तथा सहायक आयुक्त खाद्य-द्वितीय आरसी पांडेय के निर्देश पर की गई।

मिठाई की दुकानों से लिए गए नमूने….

एक नवंबर को कासिमाबाद क्षेत्र के सुकहा सोनबरसा स्थित मेसर्स रसप्रिया स्वीट्स से नारियल और गोंद के लड्डू के नमूने लिए गए। इसी प्रतिष्ठान से सात किलोग्राम दूषित खोया, जिसकी कीमत 2,100 रुपये आंकी गई, नष्ट कराया गया। सलामतपुर स्थित मेसर्स मंगल मूर्ति मिष्ठान भंडार से 10 किलोग्राम दूषित छेना मिठाई नष्ट कराई गई, जिसकी अनुमानित कीमत 2,200 रुपये बताई गई।

इसके अलावा जखनिया बाजार स्थित यादव स्वीट्स हाउस से बर्फी, सादात रेलवे स्टेशन के पास से छेना मिठाई, बंशी बाजार स्थित श्री स्वीट्स हाउस एंड बेकर्स से बूंदी के लड्डू और कलाकंद तथा भटौली बाजार स्थित शिवपूजन बाबा स्वीट्स हाउस से गुलाब जामुन का नमूना लिया गया।

दो नवंबर को कठवामोड़ मुहम्मदाबाद स्थित जायसवाल स्वीट हाउस से बर्फी, गोराबाजार स्थित मौर्या मिष्ठान से बूंदी के लड्डू, जमानिया रेलवे स्टेशन के पास से बूंदी के लड्डू, खानपुर स्थित प्रीति मिष्ठान भंडार से बर्फी, मौधा स्थित विराट मिष्ठान भंडार से छेना मिठाई, सिखड़ी बाजार स्थित गोपाल स्वीट हाउस से बर्फी, दुल्लहपुर रेलवे स्टेशन के पास स्थित कन्हैया स्वीट हाउस से छेना मिठाई तथा यादव मोड़ जंगीपुर स्थित एक प्रतिष्ठान से छेना मिठाई का नमूना संग्रहित किया गया।

रसगुल्ला और गुलाब जामुन भी नष्ट….

मरदह क्षेत्र के परसेरवा चट्टी स्थित कृष्णा पनीर मिष्ठान भंडार से 20 किलोग्राम दूषित रसगुल्ला और 12 किलोग्राम दूषित गुलाब जामुन नष्ट कराए गए। इनकी अनुमानित कीमत 9,600 रुपये बताई गई है।

खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार, संग्रहित सभी नमूनों को जांच के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला, उत्तर प्रदेश भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी।

टीम ने चलाया अभियान….

मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी नरेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारी गुलाबचंद गुप्त, विपिन कुमार गिरि, धनंजय सिंह, अरविंद्र प्रजापति, पंकज कुमार कन्नौजिया और अमरनाथ ने अभियान में कार्रवाई की। विभाग ने दीपावली के मद्देनजर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए जांच और नमूना संग्रह की कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button