मुठभेड़ में वांछित अभियुक्त घायल, गिरफ्तार…।

गाजीपुर ।
अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत करंडा और नंदगंज पुलिस की संयुक्त टीम को मंगलवार को बड़ी सफलता मिली। पुलिस टीम ने मुठभेड़ के बाद एक वांछित अभियुक्त को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से .312 बोर का देशी तमंचा, दो खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस और हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की गई है ।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान नंदगंज थाना क्षेत्र के बरहपुर गांव निवासी कुन्दन सिंह उर्फ विशाल सिंह के रूप में हुई है। वह करंडा थाने में दर्ज एक मुकदमे में वांछित चल रहा था। पुलिस टीम ने सरौली हरिजन बस्ती के कच्चे रास्ते पर घेराबंदी कर उसे पकड़ने का प्रयास किया। इसी दौरान पुलिस और अभियुक्त के बीच मुठभेड़ हो गई, जिसमें अभियुक्त घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए भेज दिया।
सीओ सिटी अनिल कुमार के मुताबिक गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ करंडा और नंदगंज थानों में वर्ष 2016 से 2026 के बीच कुल आठ मुकदमे दर्ज हैं। इनमें मारपीट, धमकी, आर्म्स एक्ट तथा हत्या के प्रयास जैसे गंभीर मामले शामिल हैं।
इस कार्रवाई करंडा थानाध्यक्ष संतोष कुमार पाठक और नंदगंज थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्रा के नेतृत्व में गठित संयुक्त पुलिस टीम ने की। पुलिस ने बरामद असलहे और कारतूस को कब्जे में लेते हुए अभियुक्त के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है ।
