Blog

डाला छठ को लेकर डीएम और एसपी ने नरवर घाट का किया निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद करने के निर्देश…।

गोताखोरों और जल पुलिस की तैनाती ; सीसीटीवी से होगी निगरानी...।

 

गहमर (गाजीपुर)।

आगामी डाला छठ महापर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला और पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने गहमर थाना क्षेत्र के नरवर घाट का संयुक्त रूप से स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने घाट पर श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, जल स्तर और यातायात प्रबंधन का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को नदी के गहरे पानी वाले स्थानों को चिह्नित कर वहां मजबूत बैरिकेडिंग कराने और चेतावनी बोर्ड लगाने का निर्देश दिया। साथ ही किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए घाट पर प्रशिक्षित गोताखोरों, नावों और जल पुलिस की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा।

अधिकारियों ने छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए घाट तथा संपर्क मार्गों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था कराने, हाईमास्ट लाइट और जनरेटर की व्यवस्था रखने, साफ-सफाई सुनिश्चित करने और चेंजिंग रूम बनवाने के निर्देश दिए। सुरक्षा की दृष्टि से घाट पर लगे सीसीटीवी कैमरों को सक्रिय रखने पर भी जोर दिया गया।

महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को लेकर महिला पुलिसकर्मियों तथा एंटी रोमियो स्क्वॉड की तैनाती करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा घाट की ओर आने वाले रास्तों पर व्यवस्थित पार्किंग की व्यवस्था करने और यातायात को जाममुक्त रखने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

इस मौके पर उपजिलाधिकारी सेवराई, क्षेत्राधिकारी जमानियां, तहसीलदार सेवराई, प्रभारी निरीक्षक गहमर सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। जिला प्रशासन ने पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button