गाजीपुर में शादी समारोह में हर्ष फायरिंग, छर्रे लगने से दो युवक घायल; आरोपी हिरासत में…।
दूल्हे के बड़े भाई ने लाइसेंसी 12 बोर की बंदूक से की फायरिंग, भारतीय सेना में हवलदार के पद पर है तैनात...।

गाजीपुर ।
जिले के मरदह थाना क्षेत्र में शादी समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग का मामला सामने आया है। दुरकुसी गांव में बारात के दौरान दूल्हे के बड़े भाई ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से कथित तौर पर हर्ष फायरिंग कर दी। इस दौरान बंदूक से निकले छर्रे लगने से दो युवक घायल हो गए। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उसकी लाइसेंसी बंदूक कब्जे में ले ली है।
जानकारी के अनुसार, 12 और 13 नवंबर की मध्यरात्रि मरदह थाना क्षेत्र के दुरकुसी गांव में बारात आई थी। शादी समारोह के दौरान दूल्हे के बड़े भाई मनोज (40) ने अपनी लाइसेंसी 12 बोर की डबल बैरल बंदूक से फायरिंग की। इस दौरान निकले छर्रे वहां मौजूद सौरभ (20) और टिंकू (18) को लग गए। गोली के छर्रे लगने से दोनों युवक घायल हो गए। एक युवक की कमर जबकि दूसरे के हाथ में छर्रे लगे हैं।
घटना के बाद घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल मऊ भेजा गया, जहां चिकित्सकों के अनुसार दोनों की हालत खतरे से बाहर और सामान्य बताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि आरोपी मनोज भारतीय सेना में हवलदार के पद पर तैनात है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे हिरासत में ले लिया और उसकी लाइसेंसी बंदूक भी कब्जे में ले ली।
पुलिस ने मामले में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इसके साथ ही आरोपी का शस्त्र लाइसेंस निरस्त कराने के लिए भी रिपोर्ट भेजी जा रही है। शादी समारोह में हुई इस घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है।













