Blog

भांवरकोल में पुलिस की गो-तस्करों से मुठभेड़, पंजाब का शातिर तस्कर गोली लगने से घायल; तीन गिरफ्तार….।

दो डीसीएम में क्रूरतापूर्वक लादकर बिहार ले जाए जा रहे थे 18 गोवंश, अवैध तमंचा व कारतूस बरामद....।

 

गाजीपुर ।

जनपद में गो-तस्करों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में भांवरकोल थाना पुलिस की गो-तस्करों से मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में पंजाब निवासी एक शातिर गो-तस्कर के बाएं पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने घायल समेत कुल तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से दो डीसीएम वाहनों में लदे 18 गोवंश, एक अवैध तमंचा, खोखा और जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, थानाध्यक्ष राजीव कुमार पांडेय पुलिस टीम के साथ रात्रि गश्त पर थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि पंजाब से गोवंश लादकर एक संदिग्ध डीसीएम पक्खनपुर होते हुए बिहार की तरफ जा रही है। सूचना पर पुलिस टीम ने रसूलपुर-मुहम्मदाबाद-भरौली मार्ग पर घेराबंदी कर पंजाब नंबर की डीसीएम (PB10…8928) को रोक लिया। तलाशी के दौरान उसमें नौ गोवंश बरामद हुए। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने अपने साथ एक अन्य डीसीएम के होने की जानकारी दी, जिसमें नौ और गोवंश लदे होने की बात बताई।

कुछ देर बाद दूसरी डीसीएम आती दिखाई दी। पुलिस टीम ने उसे रोकने का प्रयास किया तो उसमें सवार बदमाशों ने पुलिसकर्मियों को जान से मारने की नीयत से निशाना बनाकर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश के बाएं पैर में गोली लग गई। पुलिस ने मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए घायल को तत्काल सीएचसी मुहम्मदाबाद पहुंचाया। वहीं, मौके से अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान दर्शन सिंह (58) पुत्र जोगिंदर सिंह, निवासी चौकीमान, थाना सदर जगरांव, जिला लुधियाना, पवन कुमार (30) पुत्र अनिल कुमार उर्फ सलीम खान, निवासी बलियोन, थाना समराला, जिला लुधियाना तथा सुखदीप कुमार (37) पुत्र दर्शन कुमार, निवासी वार्ड नंबर आठ, हिम्मतनगर, थाना समराला, जिला लुधियाना के रूप में हुई है। इनमें सुखदीप कुमार मुठभेड़ में घायल हुआ है।

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे पंजाब से गोवंश लादकर बिहार में बेचने के लिए ले जा रहे थे। पुलिस ने दोनों डीसीएम से कुल 18 गोवंश बरामद किए हैं। इसके अलावा एक .315 बोर का अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस भी मिला है।

इस कार्रवाई को थानाध्यक्ष भांवरकोल राजीव कुमार पांडेय और शेरपुर चौकी प्रभारी विपिन कुमार सिंह ने अपनी-अपनी पुलिस टीमों के साथ अंजाम दिया। पुलिस ने मुठभेड़ एवं बरामदगी के संबंध में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button