जुए के अड्डे पर ताबड़तोड़ फायरिंग, एक युवक की मौत, दूसरा गंभीर…।
जुआ खेलने के दौरान विवाद के बाद चली गोली, बकराबाद के ग्राम प्रधान संजय बिंद पर हत्या का आरोप; हाथ में तख्ती लेकर कोतवाली पहुंचकर किया सरेंडर...।

गाजीपुर ।
सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहाव गांव में जुआ खेलने के दौरान हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। पासीपुरवा तालाब के पास जुए के अड्डे पर हुई फायरिंग में दो युवक गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए वाराणसी रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान अजय कुमार की मौत हो गई। वहीं, दूसरे घायल सुरेंद्र राम का उपचार जारी है ।
घटना में बकराबाद गांव के ग्राम प्रधान संजय बिंद पर गोली चलाने का आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि पासीपुरवा तालाब के पास आठ से दस लोग जुआ खेल रहे थे। इसी दौरान ग्राम प्रधान संजय बिंद अपने कुछ साथियों के साथ वहां पहुंचे और जुआ खेलने लगे। जुआ खेलने के दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि इसी बीच संजय बिंद ने फायरिंग कर दी। गोली लगने से सुरेंद्र राम के दाहिने हाथ और अजय कुमार के पेट में गंभीर चोट आई ।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए वाराणसी रेफर कर दिया गया। उपचार के दौरान अजय कुमार ने दम तोड़ दिया ।
उधर, घटना के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश शुरू कर दी। इसी बीच आरोपी ग्राम प्रधान संजय बिंद हाथ में तख्ती लेकर सदर कोतवाली पहुंच गया और पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया ।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ और मामले की अग्रिम विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है। घटना के बाद क्षेत्र में चर्चाओं का माहौल है ।















