Blog

गाजीपुर में चार करोड़ की हेरोइन बरामद, चार तस्कर गिरफ्तार….।

पूर्वोत्तर राज्यों से लाई गई थी दो किलो हेरोइन की खेप, अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब चार करोड़ रुपये....।

 

गाजीपुर ।

जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में गाजीपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। स्वाट टीम और जंगीपुर थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दो किलोग्राम हेरोइन की बड़ी खेप बरामद की गई है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी अनुमानित कीमत करीब चार करोड़ रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने मौके से चार तस्करों को गिरफ्तार किया है ।

पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई जंगीपुर थाना क्षेत्र के अरसदपुर तिराहे के पास की गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिहार के कैमूर जनपद निवासी जमीर हवारी, बबलू कुमार यादव और गुलशन कुमार तथा गाजीपुर के दिलदारनगर थाना क्षेत्र के खजूरी गांव निवासी विवेक यादव के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान एक आरोपी के कब्जे से दो किलोग्राम हेरोइन बरामद हुई ।

इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक नगर डॉ. राकेश मिश्रा ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि हेरोइन की खेप पूर्वोत्तर राज्यों से लाई गई थी और उसे स्थानीय स्तर पर खपाने की तैयारी थी। मामले में एक अन्य वांछित आरोपी की भी तलाश की जा रही है ।

फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर तस्करी के नेटवर्क, खेप की आपूर्ति और इसमें शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है। वहीं इस करोड़ों रुपये के मादक पदार्थ की बरामदगी से तस्करी के बड़े नेटवर्क के सक्रिय होने की आशंका भी जताई जा रही है ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button