बंदर के अचानक सड़क पर आने से बाइक का बिगड़ा संतुलन, कार की चपेट में आई छह वर्षीय मासूम की मौत; इलाज के दौरान पिता ने भी तोड़ा दम….।
मुहम्मदाबाद में दर्दनाक हादसे से मचा कोहराम, एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत से पसरा मातम....।

गाजीपुर ।
मुहम्मदाबाद क्षेत्र में सोमवार को एक हृदयविदारक सड़क हादसे में छह वर्षीय मासूम बच्ची और उसके पिता की मौत हो गई। बंदर के अचानक सड़क पर आ जाने से मोटरसाइकिल का संतुलन बिगड़ गया, जिससे बाइक पर सवार बच्ची सड़क पर गिर पड़ी। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार वैगनआर कार उसे कुचलते हुए निकल गई। हादसे में बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल पिता ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। एक ही परिवार में पिता-पुत्री की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार 9 नवंबर को सुबह करीब 11:30 बजे कमलेश कुमार अपनी छह वर्षीय बेटी समीक्षा के साथ मोटरसाइकिल संख्या UP60 AQ 1923 से मुहम्मदाबाद से भरौली की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में अचानक एक बंदर सड़क पर कूद पड़ा। उसे बचाने के प्रयास में मोटरसाइकिल का संतुलन बिगड़ गया और पीछे बैठी मासूम समीक्षा सड़क पर गिर गई। तभी पीछे से आ रही वैगनआर कार संख्या UP16 BN 1028 बच्ची के ऊपर चढ़ गई। हादसा इतना गंभीर था कि बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके पिता कमलेश कुमार भी गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल कमलेश कुमार को उपचार के लिए गाजीपुर मेडिकल कॉलेज भिजवाया, जहां उनका इलाज चल रहा था। हालांकि, चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद सोमवार शाम करीब पांच बजे उनकी भी मौत हो गई। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार और उसके चालक को कब्जे में ले लिया है। पहले बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया था, वहीं पिता की मौत के बाद उनका शव भी पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी हाउस में रखवा दिया गया।
इस दर्दनाक हादसे ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है। जिस पिता के साथ मासूम बेटी घर से निकली थी, दोनों की एक साथ मौत की खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है।















