मुठभेड़ में हत्या के प्रयास व अपहरण का वांछित बदमाश घायल, गिरफ्तार….।

गाजीपुर, 18 अगस्त 2026 ।
पुलिस अधीक्षक गाजीपुर के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे क्रैक डाउन अभियान के तहत करीमुद्दीनपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। रात्रि गश्त के दौरान पुलिस की मुठभेड़ हत्या के प्रयास और अपहरण के मामले में वांछित बदमाश से हो गई। जवाबी कार्रवाई में बदमाश के बाएं पैर में गोली लग गई, जिसके बाद पुलिस ने उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार 18 अगस्त की रात प्रभारी निरीक्षक राजनारायण पुलिस टीम के साथ थाना क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मुकदमा अपराध संख्या 211/26 में वांछित अभियुक्त किसी स्थान से भागने की फिराक में है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने ग्राम नेवादा के पास घेराबंदी कर चेकिंग शुरू कर दी।
इसी दौरान पुलिस टीम को देखकर बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश के बाएं पैर में गोली लग गई। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया, जबकि अंधेरे का लाभ उठाकर उसका एक साथी फरार हो गया।
घायल बदमाश की पहचान विशाल यादव पुत्र जितेन्द्र यादव, उम्र करीब 25 वर्ष, निवासी ग्राम रामानंद का पूरा, थाना करीमुद्दीनपुर, गाजीपुर के रूप में हुई। पुलिस ने मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए घायल अभियुक्त को तत्काल उपचार के लिए सीएचसी बाराचवर में भर्ती कराया।
तलाशी के दौरान उसके कब्जे से .315 बोर का एक अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। पुलिस मुठभेड़ और बरामदगी के संबंध में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
फ़रार हुए दूसरे बदमाश की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में वांछित एवं शातिर अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
