Blog

रंगकर्मी डॉ. शिवमूर्ति सिंह की द्वितीय पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा, पुस्तक का हुआ लोकार्पण….।

 

गाजीपुर ।

प्रसिद्ध रंगकर्मी एवं नाट्य साधक डॉ. शिवमूर्ति सिंह की द्वितीय पुण्यतिथि पर शनिवार, 14 नवंबर को महुआबाग स्थित एक हवेली में श्रद्धांजलि एवं पुस्तक लोकार्पण समारोह का आयोजन किया गया। गोष्ठी के रूप में आयोजित कार्यक्रम में साहित्यकारों, शिक्षाविदों, रंगकर्मियों और प्रबुद्धजनों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए रंगमंच के क्षेत्र में उनके योगदान को याद किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दोपहर करीब 12 बजे मां सरस्वती एवं डॉ. शिवमूर्ति सिंह के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर उनके जीवन, संघर्ष, रंगमंच के प्रति समर्पण और रचनात्मक यात्रा पर आधारित पुस्तक ‘रंगकर्मी शिवमूर्ति सिंह की रंगयात्रा’ का उपस्थित अतिथियों द्वारा लोकार्पण किया गया।

समारोह की अध्यक्षता पीजी कॉलेज के पूर्व प्राचार्य डॉ. रमाशंकर लाल एवं डॉ. अशोक सिंह ने की। मुख्य वक्ता बीएचयू के हिंदी विभाग के अवकाश प्राप्त आचार्य प्रो. (डॉ.) अवधेश प्रधान ने डॉ. शिवमूर्ति सिंह के व्यक्तित्व एवं कृतित्व की सराहना करते हुए कहा कि नाट्य विधा अभिव्यक्ति की एक सशक्त कला है। उन्होंने रंगमंच के प्रति डॉ. सिंह के समर्पण और उनके योगदान को रेखांकित किया।

विशिष्ट वक्ता के रूप में उपस्थित सुल्तानपुर के पूर्व प्राचार्य एवं डॉ. शिवमूर्ति सिंह के शिष्य रहे अवकाश प्राप्त प्रो. (डॉ.) राधेश्याम सिंह ने अपने गुरु के साथ जुड़े संस्मरण साझा करते हुए उनके कृतित्व को याद किया। वहीं, उनके साथ रंगमंच पर काम कर चुके सहयोगी कलाकार आशुतोष सिंह ने भावुक होकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने नाट्यकर्म के प्रति डॉ. सिंह की निष्ठा और ईमानदार प्रयासों का उल्लेख किया।

वक्ता अमरनाथ तिवारी ‘अमर’ एवं सारस्वत वक्ता माधव कृष्ण ने डॉ. शिवमूर्ति सिंह के रंगकर्म और सांस्कृतिक योगदान की चर्चा करते हुए उनके कार्यों को वर्तमान सामाजिक एवं सांस्कृतिक परिवेश से जोड़कर प्रस्तुत किया। पीजी कॉलेज गाजीपुर के पूर्व विभागाध्यक्ष प्रो. (डॉ.) श्रीकांत पांडेय ने भी उनके व्यक्तित्व और रंगयात्रा पर अपने विचार व्यक्त किए।

कार्यक्रम का संचालन डीएवी इंटर कॉलेज के प्राध्यापक डॉ. संतोष कुमार तिवारी ने किया। अंत में डॉ. शिवमूर्ति सिंह के पुत्र एवं कार्यक्रम के आयोजक कमलेश सिंह ‘लाला’ (ददरीघाट) ने माध्यम नाट्य संस्थान परिवार, गाजीपुर की ओर से सभी साहित्यकारों, बुद्धिजीवियों, रंगकर्मियों एवं नगरवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

आयोजन का मुख्य उद्देश्य डॉ. शिवमूर्ति सिंह की स्मृतियों को जीवंत बनाए रखने के साथ ही रंगमंच और सांस्कृतिक क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाना रहा। समारोह में उनके व्यक्तित्व, संघर्ष और कला के प्रति समर्पण को याद करते हुए उनके अधूरे सांस्कृतिक सपनों को आगे बढ़ाने का संदेश भी दिया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button