गंगा घाटों पर उमड़ा आस्था का सैलाब, अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देकर व्रती महिलाओं ने शुरू किया निर्जला व्रत…।
ददरीघाट, महादेवा, पोस्ता और चीतनाथ घाट सहित जिले के विभिन्न घाटों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़, छठी मइया की आराधना में लीन दिखे व्रती...।

गाजीपुर ।
लोक आस्था के महापर्व डाला छठ पर रविवार को जनपद में श्रद्धा, भक्ति और आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। शहर से लेकर ग्रामीण अंचलों तक गंगा घाटों और विभिन्न जलाशयों पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। हजारों की संख्या में व्रती महिलाओं ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और संतान की दीर्घायु की कामना की।
छठ महापर्व के अवसर पर व्रती महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ छठी मइया और भगवान सूर्य की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। गंगा जल, दूध और पूजन सामग्री अर्पित कर सूर्यदेव को नमन किया। इस दौरान घाटों पर भक्ति गीतों और छठी मइया के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
छठ पूजा को लेकर घाटों पर सुबह से ही तैयारियां शुरू हो गई थीं। शाम होते-होते श्रद्धालुओं की भारी भीड़ से घाट गुलजार हो उठे। व्रती महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर दउरा और हाथों में सूप लेकर घाटों पर पहुंचीं। सूप और दउरा में ईख, नारियल, केला, मौसमी फल तथा पारंपरिक पकवानों से सजे प्रसाद के साथ भगवान भास्कर को अर्घ्य दिया गया।
शहर के ददरीघाट, महादेवा घाट, पोस्ता घाट और चीतनाथ घाट सहित मोहम्मदाबाद, सैदपुर के बूढ़ेनाथ महादेव घाट तथा जिले के विभिन्न गंगा घाटों और जलाशयों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। घाटों पर परिवार के सदस्यों और बच्चों की मौजूदगी ने पर्व की रौनक को और बढ़ा दिया।
मान्यता है कि छठ पर्व पर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने के बाद अगले दिन उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया जाता है। इसके बाद व्रती महिलाएं पारण कर चार दिवसीय इस महापर्व का समापन करती हैं।
महापर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से भी व्यापक इंतजाम किए गए थे। घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने, श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए प्रशासनिक अमला मुस्तैद रहा।













