पीजी कॉलेज में अवैध वसूली के मामले में एफआईआर दर्ज, डीएम की सख्ती के बाद कार्रवाई….।
बायोमेट्रिक के नाम पर वसूली का आरोप, कॉलेज प्रशासन और निजी दुकान संचालक के खिलाफ मुकदमा; छात्रों ने जताई फीस वापसी की उम्मीद....।

गाजीपुर ।
स्नातकोत्तर महाविद्यालय (पीजी कॉलेज), गाजीपुर में छात्रवृत्ति के लिए बायोमेट्रिक कराने के नाम पर कथित अवैध वसूली के मामले में आखिरकार एफआईआर दर्ज हो गई। जिलाधिकारी के हस्तक्षेप और छात्रों की शिकायत के बाद 12 नवंबर की रात 11:47 बजे कोतवाली में कॉलेज प्रशासन तथा मां दुर्गा पीजी कॉलेज, गोरा बाजार की निजी दुकान के संचालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
इस कार्रवाई को छात्रों के आंदोलन की बड़ी सफलता माना जा रहा है। दरअसल, चार और पांच नवंबर को छात्र नेताओं के नेतृत्व में 710 छात्र-छात्राओं ने हस्ताक्षर अभियान चलाकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा था। इसमें छात्रवृत्ति के लिए बायोमेट्रिक कराने के नाम पर निर्धारित प्रक्रिया से इतर पैसे वसूले जाने और छात्रों को परेशान किए जाने की शिकायत की गई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने 12 नवंबर को स्वयं महाविद्यालय पहुंचकर छात्रों की समस्याएं सुनीं और आवश्यक कार्रवाई की।
एफआईआर दर्ज होने के बाद छात्र नेताओं ने जिला प्रशासन की कार्रवाई का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि कॉलेज परिसर में अब 24 घंटे निःशुल्क बायोमेट्रिक की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। साथ ही उन्होंने छात्रों से कथित तौर पर वसूली गई धनराशि वापस कराने की मांग उठाई।
पूर्व छात्रसंघ उपाध्यक्ष दीपक उपाध्याय ने कहा कि 710 छात्रों के हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन का असर सामने आया है। जिलाधिकारी ने स्वयं छात्रों की समस्याएं सुनीं और इसके बाद मुकदमा दर्ज हुआ। उन्होंने उम्मीद जताई कि छात्रों से वसूली गई धनराशि वापस दिलाई जाएगी।
पूर्व महामंत्री सुधांशु तिवारी ने कहा कि गरीब और सामान्य परिवारों के छात्रों से बायोमेट्रिक के नाम पर कथित अवैध वसूली के मामले में मुकदमा दर्ज होना छात्रों के संघर्ष की जीत है। उन्होंने दोषियों के खिलाफ निष्पक्ष कार्रवाई और छात्रों की धनराशि वापस कराने की मांग की।
छात्र नेता प्रद्युम्न सिंह यादव ‘राजन’ ने कहा कि आंदोलन के दौरान छात्रों को डराने और भगाने का प्रयास किया गया, लेकिन एकजुटता के कारण आंदोलन जारी रहा। अब कॉलेज परिसर में निःशुल्क बायोमेट्रिक की व्यवस्था और एफआईआर दर्ज होना छात्रों के संघर्ष का परिणाम है।
आंदोलन में छात्र नेता आकाश चौधरी, निलेश बिंद, अभिषेक चौरसिया, मोहित यादव, बिजेंद्र यादव, राज सिंह, पवन यादव सहित सैकड़ों छात्र-छात्राएं और पूर्व छात्रनेता शामिल रहे। छात्रों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और जिन विद्यार्थियों से धनराशि वसूली गई है, उन्हें उनका पैसा वापस दिलाने की मांग की।













