युवक पर जानलेवा हमला, CCTV में कैद हुई बेरहमी से पिटाई; सिर, नाक और आंख में गंभीर चोटें , पुलिस की कार्रवाई पर उठे गंभीर सवाल…।

गाजीपुर ।
जनपद में कानून-व्यवस्था और आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर कई गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं । जहाँ एक युवक पर सरेराह किए गए हमले की घटना ने क्षेत्र में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है ।
आरोप है कि राहुल यादव पुत्र कन्हैया यादव, निवासी परसही, गाजीपुर ने शाम करीब 4:30 बजे छोटे लाल यादव पुत्र स्वर्गीय इन्द्रदेव यादव पर जानलेवा हमला कर दिया । इस हमले में छोटे लाल यादव को सिर, नाक, कान और आंख सहित शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं । इस मारपीट की पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद होने की बात भी सामने आई है ।
बताया जा रहा है कि हमले के दौरान आरोपी ने पीड़ित के साथ बेरहमी से मारपीट की है । इस घटना की सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद मामले की गंभीरता और भी ज्यादा बढ़ गई है । कैमरे में कैद घटना से हमले की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाने में पुलिस को महत्वपूर्ण साक्ष्य मिल सकता है। इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर आम नागरिक अपने ही क्षेत्र में कितना सुरक्षित हैं ?
तहरीर लिखे जाने के बाद भी कार्रवाई का इंतजार…
इस मामले में पुलिस की भूमिका को लेकर भी कई सवाल उठने लगे हैं । पीड़ित पक्ष के अनुसार, घटना को लेकर पुलिस को शिकायत दी गई है और पुलिस की ओर से तहरीर लिखे जाने की बात कही गई थी । पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है तथा आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा । हालांकि, गंभीर रूप से घायल पीड़ित को न्याय दिलाने के नाम पर केवल पुलिस का आश्वासन पर्याप्त नहीं है । सीसीटीवी फुटेज जैसे अहम साक्ष्य मौजूद होने की बात के बावजूद गिरफ्तारी और ठोस कार्रवाई को लेकर स्थिति स्पष्ट होना जरूरी है ।
आखिर कब होगी जिम्मेदारों की जवाबदेही ?
ज्ञात हो कि सिर, नाक और आंख जैसे संवेदनशील अंगों पर चोट लगना मामूली मारपीट का मामला नहीं है । ऐसी घटना में पुलिस की त्वरित सक्रियता , निष्पक्ष जांच और दोषी के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई बेहद जरूरी है । सवाल यह भी है कि यदि घटना की जानकारी पुलिस को मिल चुकी है और सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध है , तो कार्रवाई में देरी की आखिर वजह क्या है ?
अब देखना होगा कि पुलिस इस मामले को कितनी गंभीरता से लेते हुए सीसीटीवी फुटेज की जांच , मेडिकल रिपोर्ट और पीड़ित के बयान के आधार पर निष्पक्ष कार्रवाई करती है ।
वहीं क्षेत्रीय लोगों की मांग है कि इस मामले में किसी भी तरह की ढिलाई न बरती जाए और दोषी के खिलाफ कानून के तहत सख्त से सख़्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए ।















