दो करोड़ की हेरोइन के साथ तीन हिडेन तस्कर गिरफ्तार….।
बोलेरो से 1 किलो 15 ग्राम मादक पदार्थ बरामद, चार मोबाइल और 1,290 रुपये नकद भी बरामद...।

गाजीपुर ।
खबर गाजीपुर से है जहां शहर कोतवाली पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है ।
बता दे कि पुलिस ने इनके कब्जे से एक किलो 15 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद करने का दावा किया है। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब दो करोड़ रुपये बताई गई है । इन आरोपियों के पास से चार एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 1,290 रुपये नकद भी बरामद हुए हैं।
पुलिस के अनुसार, 23 सितंबर 2026 की रात प्रभारी निरीक्षक सुरेंद्रनाथ सिंह पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त पर थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि वाराणसी-गोरखपुर-महराजगंज हाईवे पर महराजगंज तिराहे से आगे लालनपुर मड़ई गांव के मोड़ के पास एक बोलेरो में कुछ लोग मादक पदार्थ लेकर मौजूद हैं।
सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। करीब रात 8:20 बजे बोलेरो से दो पुरुष और एक महिला को पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उनके पास से एक किलो 15 ग्राम हेरोइन, चार एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 1,290 रुपये नकद बरामद होने का दावा पुलिस ने किया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राकेश यादव उर्फ गामा यादव, निवासी सरैया पोस्ट छावनी लाइन, थाना कोतवाली गाजीपुर, हाल पता भुतहिया टांड़ गाजीपुर, कृष्ण बिहारी उर्फ पिंटू प्रजापति, निवासी तुलसीपुर भुतहिया टांड़, थाना कोतवाली गाजीपुर और रीना यादव, पत्नी बिरजू यादव, निवासी सहनिंदा गांव, थाना मोहम्मदाबाद, गाजीपुर के रूप में हुई है।
झारखंड से खरीदकर भोपाल भेजने की थी तैयारी….
पुलिस की पूछताछ में राकेश यादव उर्फ गामा यादव ने कथित तौर पर बताया कि वे सोनू दांगी निवासी चौपारण बाजार, झारखंड से हेरोइन खरीदते थे। इसके बाद कृष्ण बिहारी उर्फ पिंटू प्रजापति और रीना यादव के माध्यम से इसे भोपाल भेजा जाता था। वहां अधिक कीमत में बेचकर रकम भेजे जाने की बात भी पूछताछ में सामने आने का पुलिस ने दावा किया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी हेरोइन की खेप को बेचने के लिए संबंधित लोगों को बस पकड़वाने जा रहे थे कि तभी पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।
इस मामले में थाना कोतवाली गाजीपुर में मुकदमा अपराध संख्या 723/26, धारा 8/21/29/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत राकेश यादव उर्फ गामा यादव समेत तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब कथित सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और हेरोइन की खरीद-फरोख्त के स्रोत की जांच में जुटी है।















