Blog

गाजीपुर में 251 गुमशुदा मोबाइल बरामद, 58.23 लाख रुपये आंकी गई कीमत….।

दीपावली से पहले मोबाइल पाकर खिले लोगों के चेहरे, पुलिस अधीक्षक ने सर्विलांस टीम की पीठ थपथपाई...।

 

गाजीपुर , 5 नवंबर ।

गाजीपुर पुलिस की सर्विलांस और स्वाट टीम ने गुमशुदा मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने 251 अदद मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सुपुर्द कर दिया। बरामद मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत 58 लाख 23 हजार 200 रुपये बताई गई है।

पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह के निर्देश पर जनपद में गुमशुदा मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं नगर तथा समस्त क्षेत्राधिकारियों के कुशल मार्गदर्शन में सर्विलांस/स्वाट टीम और विभिन्न थानों की पुलिस गुमशुदा मोबाइल फोन से संबंधित प्राप्त प्रार्थना पत्रों पर कार्रवाई कर रही है।

इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण में सर्विलांस/स्वाट टीम ने विभिन्न थाना क्षेत्रों से गुमशुदा 251 मोबाइल फोन बरामद किए। गुरुवार को बरामद मोबाइल फोन उनके आवेदकों को सौंप दिए गए। लंबे समय बाद अपना खोया हुआ मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे खुशी से खिल उठे।

आगामी त्योहार धनतेरस एवं दीपावली से ठीक पहले मोबाइल फोन वापस मिलने पर आवेदकों ने पुलिस अधीक्षक और सर्विलांस/स्वाट टीम के प्रति आभार जताया। पुलिस की इस कार्रवाई की लोगों ने जमकर सराहना की।

10 माह में 859 मोबाइल फोन बरामद….

पुलिस के अनुसार, 1 जनवरी 2026 से 31 अक्टूबर 2026 तक सर्विलांस/स्वाट टीम ने कुल 859 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इनकी अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ 99 लाख 28 हजार 800 रुपये है।

मोबाइल फोन बरामद करने वाली टीम में स्वाट टीम प्रभारी उपनिरीक्षक शैलेन्द्र प्रताप सिंह, सर्विलांस सेल प्रभारी उपनिरीक्षक सुमित बालियान, मुख्य आरक्षी सन्नी कुमार नागर, आरक्षी सौरभ सिंह, अर्जुन कुमार, विवेक कुमार, दिनेश सिंह, निर्भय सिंह, मयंक सिंह और विवेक यादव शामिल रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button